“इक तेरी दीवानगी नी, मैनूं दूजा शौक सरदारी दा…गीत से चर्चा में आए पंजाबी गायक कमलजीत सिंह ग्रेवाल उर्फ कमल ग्रेवाल को रोहित गोदारा गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। विदेशी नंबर से फोन कॉल और वॉयस मैसेज भेजकर कथित तौर पर गायक को धमकाया गया।
अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित गायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने शिकायत के आधार पर गिल्ली राणा नाम के व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 308(4) के तहत केस दर्ज किया है।
20 अक्टूबर को आए थे मिस्ड कॉल और वॉयस मैसेज
सराभा नगर निवासी कमल ग्रेवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी एक म्यूजिक कंपनी है, जिसका कार्यालय सराभा नगर में स्थित है। कंपनी के दो कर्मचारी मोबाइल नंबर के जरिए ऑनलाइन लाइव म्यूजिकल कार्यक्रमों की बुकिंग संभालते हैं। गायक के अनुसार, 20 अक्टूबर को वह पटियाला में दशहरा कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे।
इसी दौरान मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से कई मिस्ड कॉल और वॉयस मैसेज आए। व्यस्त होने के कारण वह उस समय मैसेज नहीं सुन सके। अगले दिन जब उन्होंने वॉयस मैसेज सुने तो कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य गिल्ली राणा बताया और उन्हें धमकियां दीं।
1 नवंबर को फिर आए 2 फोन कॉल
कमल ग्रेवाल ने बताया कि 1 नवंबर को जब वह अपने कार्यालय में मौजूद थे तो विदेशी नंबर से दोबारा फोन कॉल आए। लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें अपनी और परिवार की सुरक्षा का डर सताने लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई।
विदेशी नंबर के सोर्स का पता लगा रही पुलिस
इस मामले की जांच कर रही सब-इंस्पेक्टर जगराज कौर ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने BNS की धारा 308(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। विदेशी नंबर के स्रोत का पता लगाने और कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।
अब पढ़िए, धमकी देने वाले ने गायक से क्या कहा:
“क्या हाल है तेरा? गिल्ली राणा बोल रहा हूं, रोहित गोदारा ग्रुप से। 5 करोड़ रुपये के लिए तुझे फोन किया है। भाई, अगर तूने सुन लिया है तो तुरंत बैक कॉल कर। जो ये अखाड़े लगा रहा है, सब कुछ बंद कर दूंगा। स्टेज पर ही रख दूंगा। तू किस चक्कर में है? एक बार मेरे बारे में पता कर ले। बताइए, तेरा क्या विचार है?
फिर तेरे अखाड़े मैं लगाऊंगा जल्दी। सब कुछ खत्म कर दूंगा। गाने-वाने सब किताबों में ही रह जाएंगे। न नाम रहेगा, न कुछ और रहेगा। सब मिट्टी कर दूंगा। बताइए, कल तक का टाइम है। पीछा नहीं छोड़ता। मैं सिंगर बनाऊंगा, तगड़ा ही सिंगर बनाऊंगा। सीधा ऊपर की टिकट कटाऊंगा। तू स्टेज की टिकट काटेगा, मैं तेरी ऊपर की टिकट काटूंगा। बताइए, तेरा क्या विचार है?”
इसके अलावा उक्त नंबर से दो अन्य छोटे वॉयस नोट भी प्राप्त हुए हैं।
कौन है गिल्ली राणा, जिसका नाम रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा
अरविंद उर्फ गिल्ली राणा हरियाणा से जुड़ा कथित गैंगस्टर है, जिसका नाम रोहित गोदारा और काला राणा गैंग से जुड़े कई आपराधिक मामलों में सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह विदेश में बैठकर अपना नेटवर्क चलाता है।
अप्रैल 2026 में अमेरिका के कैलिफोर्निया में काका राणा की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर गिल्ली राणा के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी। इसमें रोहित गोदारा को बड़ा भाई बताते हुए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। हालांकि, पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई।
जुलाई 2026 में हिसार के कारोबारी सुरेंद्र जांगड़ा से 2 करोड़ और अगस्त में फतेहाबाद के भूना में आढ़ती देवीलाल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामलों में भी उसका नाम सामने आया।
जून 2026 में पंचकूला के क्लब संचालक रतन लुबाना पर फायरिंग और 5 करोड़ की रंगदारी के मामले में भी उसका नाम आया। वहीं, सितंबर में यमुनानगर के ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस ने उसकी कथित भूमिका बताई।