कथावाचक अनिरुद्धाचार्य बोले-सतना बायपास पर सड़क ही नहीं बची:मथुरा में कहा-चित्रकूट आते-जाते दिक्कत आती है; कई बार मन किया वीडियो जारी कर दूं

कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने सतना की सड़कों की खराब हालत पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि सतना के बायपास में सड़क ही नहीं है। चित्रकूट आते-जाते कई बार उनका मन हुआ कि खराब सड़कों का वीडियो बनाकर भेज दें। उनकी यह टिप्पणी सोमवार को मथुरा में हुए प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के दौरान सामने आई। कार्यक्रम का वीडियो गुरुवार रात सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद सतना की सड़कों का मुद्दा चर्चा में आ गया।

शशांक सिंह ने उठाए जिले के स्थानीय मुद्दे

प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में सतना के युवा नेता शशांक सिंह ने जिले से जुड़े स्थानीय मुद्दे अनिरुद्धाचार्य के सामने रखे। उन्होंने सोनोरा इलाके की जमीनों पर भूमाफियाओं के कथित कब्जे का मामला उठाया। साथ ही अनिरुद्धाचार्य से इस संबंध में कलेक्टर के नाम संदेश देने का आग्रह किया।

चित्रकूट आते-जाते खराब सड़कों का अनुभव बताया

सतना का नाम सुनकर अनिरुद्धाचार्य ने चित्रकूट यात्रा के दौरान सड़क की खराब हालत का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने सतना बायपास के साथ दूसरी सड़कों की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई बार रास्ते से गुजरते समय उन्हें लगा कि सड़कों की हालत का वीडियो बनाकर भेजना चाहिए।

श्रद्धालु और पर्यटक भी इसी रास्ते से गुजरते हैं

सतना से चित्रकूट जाने वाले रास्ते से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति को लेकर अनिरुद्धाचार्य की टिप्पणी के बाद निर्माण और रखरखाव का मुद्दा फिर चर्चा में है।