LIVE- Bharat Bandh in UP: किसानों के भारत बंद में किसानों से पहले राजनीतिक दल सक्रिय, बंद का असर नहीं

 केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में आज यानी मंगलवार को किसानों के दिन में 11 बजे से भारत बंद की घोषणा में किसानों से पहले राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में किसान तो कहीं पर भी प्रदर्शन करते नहीं दिख रहे हैं जबकि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता दिख रहे हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार के हर जिले में पुलिस को बेहद मुस्तैद रहने के निर्देश का भी बड़ा असर दिख रहा है। राजधानी लखनऊ सहित अन्य जिलों में स्थिति सामान्य है।

समाजवादी पार्टी के साथ ही बसपा व कांग्रेस के भारत बंद को समर्थन देने के कारण उत्तर प्रदेश सरकार ने जनता की हिफाजत का जिम्मा उठाया है। भारत बंद को प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित हर जिले में पुलिस हाई अलर्ट पर है। आगरा, प्रयागराज, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, वाराणसी में भी जिला तथा पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद है।

लखनऊ में हर बाजार नियत समय पर खुल गए हैं जबकि बस तथा अन्य साधनों का संचालन हो रहा है। लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर समाजवादी पार्टी के कार्यालय के पास बैरिकेडिंग लगा दी गई है, इसके साथ ही विधानसभा मार्ग व हजरतगंज में अतिरिक्त बल तैनात है। लखनऊ में किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष पुलिस देवेंद्र तिवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनको आज उनके कार्यालय से हिरासत में लिया गया है।

भारत बंद को समाजवादी पार्टी का समर्थन होने के कारण लखनऊ में सपा कार्यालय जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है, सपा मुखिया अखिलेश यादव के आवास के पास भी बैरिकेडिंग लगाई गई है। भारत बंद को देखते हुए लखनऊ में अफसरों ने बैठक की। पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने सभी जोन के डीसीपी, एडिशनल डीसीपी बुलाए। हर सर्किल के अफसरों को बैठक में तलब कर उनको निर्देश दिया। इसमे पुलिस फोर्स के साथ इंटेलिजेंस की टीम भी शामिल थी।

इटावा में बाजार बंद करा रहे सपाई गिरफ्तार 

इटावा में भारत बंद बेअसर होते देख समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जबरन दुकान बंद कराने में लग गए। इसके बाद पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव व पूर्व पालिका अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता संटू को पचरहा से गिरफ्तार कर लिया। यह लोग बाजार बंद कराने पहुंचे थे। इन सभी को पुलिस लाइन लाया गया है। एसडीएम सदर सिद्धार्थ ने बताया कि यहां पर बाजार खुला है, किसी को भी कोई परेशानी नहीं है। अगर कोई जबरदस्ती बजार बंद कराता हुआ पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मेरठ में किसान संगठनों का छह जगहों पर चक्का जाम करने का कार्यक्रम 

मेरठ में किसान संगठनों का छह जगहों पर चक्का जाम करने का कार्यक्रम है। यहां पर आज परतापुर, दबथुआ, जानी के साथ मवाना, छोटा मवाना व दौराला में चक्का का कार्यक्रम है। इसके साथ ही मेरठ तथा पास के जिलों में वकीलों के भी आज कार्य बहिष्कार का कार्यक्रम है। वकीलों ने किसानों के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। इसके तहत मेरठ समेत वेस्ट यूपी के सभी जिलों में काम बंद रहेगा। यह फैसला हाईकोर्ट केंद्रीय संघर्ष समिति ने किया है।प्रयागराज में मुंडेरा कृषि उत्पादन मंडी स्थल पर किसानों के समर्थन में सपा के साथ कांग्रेस के नेताओं ने प्रदर्शन का कार्यक्रम बनाया है। यह लोग विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसी बीच सपा कार्यकर्ताओं ने प्रयाग घाट स्टेशन पर ट्रेन के सामने खड़े होकर अपना विरोध प्रकट किया है।आगरा में भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। जगह-जगह पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। यहां पर हर चौराहे पर पुलिस के साथ पीएसी के जवान तैनात हैं। एसएसपी ने सभी थानेदारों को अलर्ट पर रहने के निर्देश देने के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पर हर सूचना एकत्र करने को कहा है।

बिजनौर में किसानों के भारत बंद को लेकर पुलिस सुबह 11 से दिन में तीन बजे तक सड़कों पर रहेगी। माना जा रहा है इसी समय किसान सड़कों पर उतरेंगे और कृषि कानून वापस लेने को विरोध करेंगे।

बागपत के छपरौली कस्बे में चौधरी चरण सिंह पुस्तकालय पर किसानों के साथ राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता रास्ता रोककर जाम लगा रहे हैं। यहां पर दोघट कस्बे में बाजार बंद कर व्यापारी भी धरने पर बैठे हैं।चंदौली में समाजवादी पाटी के नेता मनोज काका के घर पर दो थाना की फोर्स तैनात है। उनको घर में नजरबंद किया गया है। उनके घर से निकलने से पहले गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। हाथरस में भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है। यहां के मुख्य बाजारों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात है, साथ ही एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को बवाल करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दे दिए हैं।