जयपुर कोर्ट में मौलाना को लोगों ने पीटा:मदरसा की छात्रा का ब्रेन वॉश करके दूसरी शादी की, तीन बच्चों का पिता है

जयपुर कोर्ट में पेशी के दौरान लोगों ने मौलाना को लात-घूंसों से जमकर पीटा। पुलिस कर्मियों ने मुश्किल से मौलाना को बचाया। मौलाना ने शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता होते हुए भी मदरसा की एक छात्रा का ब्रेन वॉश कर निकाह कर लिया था। मौलाना पर मदरसा में पढ़ने वाली लड़कियों के ब्रेन वॉश करने का भी आरोप है।

जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में मौलाना को अरेस्ट कर शनिवार को जेसी भेज दिया।

SHO रघुवीर सिंह ने बताया- नाई की थड़ी पर मदरसा के मौलाना को शांतिभंग के आरोप में अरेस्ट किया गया है। कोर्ट में मौलाना को शनिवार दोपहर पेश कर जेसी के आदेश दिए गए। कोर्ट से बाहर जाते समय गुस्साए लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में मौलाना को जमकर लात-घूंसों से पीटा।

मदरसा की बच्ची से की दूसरी शादी

SHO ने बताया- नाई की थड़ी पर स्थित मदरसा में आसपास की बच्चियां पढ़ाई के लिए आती हैं। आरोप है कि मौलाना पढ़ाने के दौरान बच्चियों का ब्रेन वॉश करता है। मदरसा में पढ़ने आने वाली 18 साल की लड़की का मौलाना ने ब्रेन वॉश कर दिया। परिजनों के समझाइश के बाद भी लड़की ने शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता मौलाना से निकाह करने की जिद करती रही। पिछले दिनों लड़की ने परिजनों की बिना सहमति के मौलाना से निकाह कर लिया।

निकाह का पता चलने पर परिजनों ने जयसिंहपुरा खोर थाने में शिकायत की। स्थानीय लोग विरोध को लेकर शनिवार को जयसिंहपुराखोर थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी मौलाना को शांतिभंग के आरोप में अरेस्ट किया।

कोर्ट में मौलाना को शनिवार दोपहर पेश कर जेसी के आदेश दिए गए। कोर्ट से बाहर जाते समय गुस्साए लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में मौलाना को जमकर लातों-घूंसों से मारा। पुलिस ने बड़ी मुश्किल लोगों से बचाकर उसे बाहर निकाला।