कैथल में फ्रांसवाला रोड पर एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्टोर में आग लग गई। अचानक लगी आग से देखते ही देखते करोड़ों रुपए का सामान जल गया।
घटना रात को 12 से एक बजे के बीच हुई। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।
कंपनी में काम करने वाले लोगों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल की और फायर ब्रगेड विभाग को इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आने से यह सामान जला
आग इतनी भयानक थी कि ट्रांसपोर्ट में रखा व्यापारियों और अन्य लोगों का करोड़ों रुपए का सामान चपेट में आ गया। इतना ही नहीं, वहां खड़ी दो पिकअप गाड़ियां, एक बाइक, एक रेहड़ी, गाड़ियों में लदा सामान जूते, टायर, कुर्सियां, दवाइयां और कपड़े जलकर राख हो गए।
फायर कर्मियों को आग बुझाने के लिए करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गाड़ियों में भरे सामान की सुबह होनी थी डिलीवरी
शर्मा गूड्स एंड ट्रांसपोर्ट संचालक श्याम सुंदर ने बताया कि उनका काम व्यापारियों का सामान एक जगह से दूसरी जगह डिलीवर करने का है।
शाम के समय उन्होंने गाड़ियों में सामान लोड कर लिया और सुबह इसकी डिलीवरी की जानी थी। इस आगजनी ने ट्रांसपोर्ट संचालक ही नहीं, बल्कि उन तमाम व्यापारियों और लोगों का भी बड़ा नुकसान किया है, जिनका सामान यहां रखा हुआ था।
श्याम सुंदर ने बताया कि उनकी सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया। नुकसान करोड़ों रुपए का हुआ है। फायर ब्रिगेड टीम की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।