ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा के सैंडपेपर वाले दावों को गलत बताया है। ख्वाजा ने अपनी किताब ‘सब्र’ यह कहा है कि 2018 केपटाउन टेस्ट में बॉल टेंपरिंग की जानकारी पूरी टीम को थी। इस पर कमिंस ने कहा- ‘यह बिल्कुल बकवास है।’
सिडनी में शुक्रवार को 69 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने कहा- ‘टीम के सभी खिलाड़ियों को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी, यह दावा 100% गलत है।’
कमिंस ने कहा- ‘यह उस्मान नहीं हैं, जिन्हें मैं जानता हूं। मुझे लगता है कि अगर उन्हें इसकी जानकारी थी तो वह उसी समय इसे रोक सकते थे।’
क्या था 2018 का बॉल टेम्परिंग या सैंडपेपर विवाद?
- फरवरी-मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी। केपटाउन में तीसरे टेस्ट मैच के दौरान बैनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए पकड़े गए। वे सैंडपेपर का टुकड़ा अपनी पैंट में छिपाने की कोशिश कर रहे थे।
- क्रिकेट में गेंद की सतह से छेड़छाड़ करना बॉल टेंपरिंग कहलाता है। गेंद की एक तरफ की सतह को खुरदरा करने से गेंद हवा में असमान तरीके से घूम सकती है। इससे तेज गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग कराने में मदद मिलती है।
- इसके बाद तब के कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्वीकार किया था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई थी।
- इस मामले में कप्तान स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का बैन लगा था। बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था।
- स्मिथ पर अतिरिक्त 12 महीने तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने पर भी रोक लगाई गई थी। वॉर्नर पर भी कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगा था, जिसे 2024 में हटा दिया गया।
कमिंस बोले- ख्वाजा ने ज्यादा गंभीर आरोप लगाए
कमिंस ने कहा कि उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि ख्वाजा ने स्वीकार किया है कि उन्होंने कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर इस्तेमाल करते समय सावधान रहने की सलाह दी थी।
कमिंस ने कहा- ‘उस्मान ने इससे भी ज्यादा गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मैं और कुछ दूसरे खिलाड़ी सैंडपेपर से बॉल टेंपरिंग की योजना बनाने वालों में शामिल थे। यह पूरी तरह बकवास है।’
कमिंस ने यह भी कहा कि ख्वाजा उनके दोस्त हैं, लेकिन दोस्ती का मतलब यह नहीं है कि किसी दूसरे व्यक्ति की जिंदगी और प्रतिष्ठा को लेकर लापरवाही बरती जाए। हालांकि कमिंस ने ख्वाजा के अपनी बात कहने के अधिकार का समर्थन भी किया।
वॉर्नर बोले- ख्वाजा को बलि का बकरा बना रहे कमिंस
कमिंस के इस बयान पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वार्नर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा- ‘मैं अब भी उस्मान और उनकी किताब में लिखी बातों का समर्थन करता हूं, क्योंकि वह सच है। मुझे उनके लिए बुरा लग रहा है। आज कमिंस के बयान ने उन्हें बलि का बकरा बना दिया। इससे मैं बहुत निराश हूं।’
वार्नर ने कहा- ‘हां, हमने अपनी गलती स्वीकार की थी, लेकिन आखिरकार सबसे बड़ी कीमत मैंने और मेरी पत्नी ने चुकाई। उस दौरान हमने अपना बच्चा खो दिया था। यही वजह है कि जब तक सच स्वीकार नहीं किया जाता, यह बात मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ देती है।’
ख्वाजा ने कहा था- पूरी टीम को सैंडपेपर की जानकारी थी
ख्वाजा ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए इंटरव्यू में कहा था- ‘इसमें बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ सभी शामिल थे।’ उन्होंने यह भी कहा कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट यानी दूसरे टेस्ट मैच के दौरान भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था।
ख्वाजा ने यह भी कहा कि केपटाउन टेस्ट के दौरान वे कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच के दौरान उनका बयान तक नहीं लिया।
ख्वाजा का यह दावा 2021 में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन के संयुक्त बयान से अलग है। इन चारों गेंदबाजों ने उस समय गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से इनकार किया था।
वॉर्नर ने ख्वाजा के दावे को 100% सही बताया
- पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने उस्मान ख्वाजा के दावों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी बातें 100% सही हैं। वॉर्नर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर यह बात कही।
- वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जांच जल्दबाजी में और अधूरे तरीके से की गई।
- उन्होंने कहा- ‘उस्मान बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन उनसे पूछताछ नहीं हुई। यह कैसी पूरी जांच थी? यह बात मुझे हैरान करती है।’
- उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी पर उंगली उठाना या पुराने जख्म खोलना नहीं है। वे चाहते हैं कि मामले में जवाबदेही हो और सच की ठीक से जांच की जाए।