जींद में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत:ड्राइवर समेत दो घायल, पीजीआई रेफर, लोडिड ऑटो में सवार होकर जा रहे

जींद में कैथल रोड बाइपास पर गुरुद्वारे के सामने शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक ने लोडिड आटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सवार 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। हादसे के बाद लोडिड ऑटो में लदी सब्जियां सड़क पर बिखर गई। हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान गांव फरेलकलां निवासी 30 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप ऑटो में पीछे की तरफ बैठा हुआ था। इसी दौरान कैथल रोड बाइपास पर गुरुद्वारे के सामने एक ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया

हादसे में ऑटो ड्राइवर गांव सांधो निवासी दीपक और गांव पेगा निवासी मोहन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।