कांग्रेस बोली- सेना ने आतंकी समझकर पुलिस पर गोली चलाई:कश्मीर में दोनों सादा कपड़ों में सर्चिंग पर थे; भाजपा बोली- आतंकियों को क्लीनचिट देने की साजिश

किश्तवाड़ में दो SPO रशपाल कुमार और बाबी चंद की मौत पर कांग्रेस ने सेना पर आरोप लगाए हैं।

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने कहा कि दोनों SPO सादी कपड़ों में शिकार करने गए थे। सेना ने उन्हें आतंकी समझकर गोली मार दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

नेता विपक्ष और भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस की आतंकियों को क्लीन चिट देने की साजिश है।

कांग्रेस बलिदानियों को शिकारी बताकर उनके बलिदान और परिवार की भावनाओं का अपमान किया जा रहा है।

दोनों SPO के गोलियों से छलनी शव 11 नवंबर को देहरना और कियार गांव के बीच मिले थे। सेना ने कहा था- दोनों SPO की तैनाती SOG के साथ थी। वे मड़वा के धरना पोस्ट जा रहे थे।

आतंकियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी और उनके हथियार भी लूट लिए थे।पुलिस ने तीन आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। उनकी गिरफ्तारी पर 30 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

भाजपा ने शव डंपर में लाने का आरोप लगाया था

दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के शव डंपर में लाने का आरोप BJP विधायक शगुन परिहार ने लगाया था। उन्होंने कहा था कि पुलिसकर्मियों के शव ताबूत के बिना डंपर में रखकर उनके गांव लाए गए, जो शहीदों का अपमान है।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विधायक शगुन परिहार पुलिस अधिकारियों को शवों को लाने के तरीके पर फटकार लगाती दिख रही हैं।

शुक्रवार को रशपाल सिंह और बॉबी चंद का उनके पैतृक गांव डच्छन के केयार में अंतिम संस्कार किया गया।

कांग्रेस ने कहा था- ग्रामीणों ने खुद जुटाए स्ट्रेचर और सफेद कपड़े

कांग्रेस ने भी आरोप लगाया कि शहीद हुए दो SPO के पार्थिव शरीर बिना ताबूत के डंपर में घर पहुंचाए गए। पार्टी ने कहा कि ग्रामीणों को खुद स्ट्रेचर और सफेद कपड़े का इंतजाम करना पड़ा। मोदी सरकार हमारे शहीदों का अपमान करने से भी नहीं चूक रही है।