छठ पूजा के चौथे और आखिरी दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व पूरा हो गया। व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया।
अर्घ्य देने के लिए लोग सुबह 4 बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे। दिल्ली, यूपी, बिहार और झारखंड में गंगा-यमुना समेत अन्य नदियों-तालाबों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
दिल्ली में यमुना घाटों पर सूर्योदय के समय करीब सवा लाख लोग मौजूद थे। बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी कैदियों ने छठ पूजा की। इसके लिए जेल परिसर में विशेष घाट बनाया गया था, जहां 75 महिलाओं और 62 पुरुषों समेत कई कैदियों ने पूजा की।
विदेश में भी छठ पर्व आस्था के साथ मनाया गया। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के लोगों ने छठ मनाया।