भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए मिचेल सैंटनर:पांचवें वनडे में दाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ; डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को मौका

न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले झटका लगा है। टीम के व्हाइट-बॉल कप्तान और अनुभवी स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर दाएं हाथ में फ्रैक्चर के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।

रविवार को भारत के खिलाफ पांचवें और आखिरी वनडे में बल्लेबाजी के दौरान सेंटनर के हाथ पर गेंद लगी थी। इसके बाद कराए गए स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने मीडिया रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी।

सैंटनर की जगह डीन फॉक्सक्रॉफ्ट टीम में शामिल

सैंटनर के बाहर होने के बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को टॉम लाथम की कप्तानी वाली टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। फॉक्सक्रॉफ्ट ने मई में आयरलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अपने पहले टेस्ट की एक पारी में 98 रन बनाए थे। 129 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया था। उनका बल्लेबाजी औसत 98 और स्ट्राइक रेट 75.96 रहा।

ऑस्ट्रेलिया सीरीज में खेलने पर भी संशय

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, सैंटनर की मैदान पर वापसी की समय-सीमा तय की जा रही है। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। बोर्ड ऑस्ट्रेलिया सीरीज में सेंटनर की उपलब्धता पर बाद में अपडेट देगा।

वनडे सीरीज में 1-3 से हारी थी न्यूजीलैंड

भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में भी न्यूजीलैंड की टीम चोटों से परेशान रही थी। सीरीज में उसके कई प्रमुख खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे। टीम को यह सीरीज 1-3 से गंवानी पड़ी थी।