मथुरा में भाजपा की दो दिन चली बैठक में UGC के नए नियमों को लेकर नाराजगी का मुद्दा उठा। इस पर केंद्रीय नेतृत्व ने बताया कि सरकार ने भी माना है कि नियम तैयार करने में कुछ चूक हुई है। इसे ठीक किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कहा गया कि UGC का मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। हालांकि, सरकार इस पूरे मामले को व्यवस्थित करेगी। केंद्रीय नेतृत्व ने भरोसा दिलाया कि ऐसा कोई कानून या नियम लागू नहीं किया जाएगा, जिससे किसी का भविष्य बर्बाद हो या किसी के साथ अन्याय हो।
दरअसल, सितंबर में UGC के नए नियमों को लेकर यूपी में जगह-जगह प्रदर्शन हुए थे। खासकर सवर्णों ने भाजपा सरकार को घेरा था। प्रदर्शनकारियों की डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से बात कराई गई थी। केंद्र सरकार तक मांगें पहुंचाने के आश्वासन के बाद ही आंदोलनकारी शांत हुए थे। भाजपा को आशंका है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सवर्ण वोटर सपा की ओर जा सकते हैं।
फिलहाल, केंद्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव करने की नहीं है। नियमों में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा, ताकि सभी के हितों का ध्यान रखा जा सके।
16 और 17 नवंबर को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अनुसंधान केंद्र में भाजपा ने दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक की। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तर प्रदेश में ये पांचवां दौरा था। इससे पहले वे पश्चिम, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं।
युवाओं को याद दिलाएंगे सपा सरकार की नाकामी
बैठक में शामिल भाजपा नेताओं के मुताबिक, आज जो युवा पहली या दूसरी बार वोट डालने जा रहा है, वह 2017 से पहले की सपा सरकार के समय बहुत छोटा था। उसने केंद्र में 2014 के बाद और प्रदेश में 2017 के बाद सिर्फ भाजपा का शासन देखा है। पार्टी का मानना है कि इन नए मतदाताओं को पुराने दौर की कानून-व्यवस्था, भर्ती विवादों, जवाहरबाग कांड और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी देना जरूरी है।
- रील्स और सोशल मीडिया का इस्तेमाल- बैठक में तय हुआ कि रील्स के जरिए जनता को राम मंदिर आंदोलन के समय दिए गए सपा नेताओं के पुराने बयानों की याद दिलाई जाएगी। भाजपा नेताओं का कहना है कि आज सपा प्रमुख अखिलेश यादव राम मंदिर जा रहे हैं, जबकि पहले मुलायम सिंह यादव, रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव ने इसे लेकर अलग बयान दिए थे।
- दलित वोटरों को साधने की कोशिश- दलित वर्ग के बीच सपा नेता आजम खान के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पर दिए गए पुराने बयान को उठाकर यह संदेश देने की तैयारी है कि सपा का दलित और पिछड़ा प्रेम केवल दिखावा है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला, गरीब, युवा और किसान को देश की चार प्रमुख श्रेणियां बताया है। भाजपा इन चारों वर्गों के कल्याण और उन्हें मजबूत बनाने के लिए चलाई जा रही योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी।
टैबलेट लेने वाले सिर्फ 25% युवा ही वोटर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में मतदाता सूची को लेकर एक अहम आंकड़ा साझा किया। उन्होंने बताया कि लखनऊ में स्वामी विवेकानंद छात्र सशक्तिकरण योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को टैबलेट बांटे गए। जब उनसे पूछा गया कि उनमें से कितने मतदाता हैं, तो केवल 25 फीसदी युवाओं ने ही हाथ खड़ा किया।
सीएम योगी ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि युवा आबादी के शत-प्रतिशत नाम मतदाता सूची में जुड़वाए जाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का विधानसभा की सूची से मिलान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।
संगठन, नेतृत्व और टिकटों की अटकलों पर विराम
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बैठक में संगठन को सर्वोपरि बताते हुए साफ किया कि प्रदेश में नेतृत्व और सरकार को लेकर किसी तरह का कोई संकट नहीं है। जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम पर भरोसा करती है।
- 209 प्रत्याशियों की सूची को बताया भ्रामक- राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम योगी दोनों ने सोशल मीडिया पर चल रही 209 प्रत्याशियों की कथित सूची को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें, टिकट चयन पार्टी की तय प्रक्रिया के तहत ही होगा।
- हर कार्यकर्ता की जवाबदेही- नितिन नवीन ने कहा कि चुनाव में एक भी कार्यकर्ता घर पर नहीं बैठना चाहिए और हर किसी को काम दिया जाएगा। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दूसरे दिन की शुरुआत ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के नारे से की। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी या एआईएमआईएम, किसी भी दल को यूपी में सफलता नहीं मिलेगी।
- बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश: नितिन नवीन ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत किया जाए। इसके साथ ही जनसंपर्क अभियान चलाकर केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए।
जाति की राजनीति की काट के लिए ‘राष्ट्रवाद’ और नए नारे
नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से कहा- विपक्षी दल समाज को जातियों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन युवाओं और महिलाओं को जाति के बजाय राष्ट्रवाद के मुद्दे पर एकजुट रखना होगा। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस या तीसरा मोर्चा-कोई अपना नहीं है, इसलिए सभी के प्रति आक्रामक रणनीति अपनानी होगी।
चुनाव प्रचार को धार देने के लिए बैठक में पदाधिकारियों से नारों के सुझाव भी मांगे गए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने करीब एक दर्जन नारे सुझाए, जिनमें ‘उत्तर देगा उत्तर प्रदेश’ सबसे प्रमुख रहा। इसके अलावा एमएलसी संतोष सिंह और संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने भी चुनावी नारे पेश किए। अब पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों की एक विशेष टीम बनाकर इन मुद्दों और अभियानों को जमीन पर उतारने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में अगले तीन महीनों के लिए पार्टी की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसमें संगठन को मजबूत करने, पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने और NDA के सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर भी बात हुई।
अशोक सिंघल को भी दी श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी मौजूद रहे। इनके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत 50 से अधिक वरिष्ठ नेता शामिल हुए।