जीते जी नहीं रखा,मरने पर ससुराल के बाहर अंतिम संस्कार:शादी के 12 साल बाद महिला की मौत; 11 साल से चल रहा तलाक केस, आनेवाला था फैसला

‘जीते जी तो मेरी बहन इस घर में नहीं रह पाई, इसलिए मरने के बाद उसे इसी घर के सामने जगह दे दी। उसके ससुराल के बाहर की उसका अंतिम संस्कार कर दिया।’

यह कहते हुए आकाश चौधरी ने मंगलवार को अपनी बहन विभा ठाकुर (35) का अंतिम संस्कार उसके ससुराल के दरवाजे पर कर दिया।

दरअसल, सोमवार को मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के पताही गांव में विभा ठाकुर की मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने विभा को जहर देकर मार दिया। वहीं, घटना के बाद से ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

2014 में हुई थी शादी

विभा के पिता बच्चू चौधरी अहमदाबाद में रहते हैं। विभा की शादी साल 2014 में मुजफ्फरपुर के पताही गांव निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी। दोनों की 12 साल की एक बेटी है, जो फिलहाल अपने नाना के पास रह रही है।

विभा के भाई आकाश के अनुसार, शादी के 1 साल बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। उसका पति हमेशा पैसों को लेकर उसके साथ मारपीट करता था। बहन ससुराल में होने वाली प्रताड़ना की शिकायत मायके वालों से करती थी।

धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि विभा ससुराल छोड़कर मायके चली गई। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना रहा। पति-पत्नी के विवाद को लेकर मुजफ्फरपुर और अहमदाबाद कोर्ट में भी मामले चल रहा था।

12 दिसंबर को तलाक मामले में आने वाला था अंतिम फैसला

आकाश ने बताया, मेरी बहन दहेज को लेकर अक्सर प्रताड़ित होती थी। साल 2016 में विभा ने पति चंदन और अपने ससुरालवालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना को लेकर कोर्ट में केस किया था। दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा था।

12 दिसंबर 2026 को इस मामले में अंतिम फैसला आने वाला था। परिवार को उम्मीद थी कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विवाद का कोई रास्ता निकलेगा। लेकिन फैसले की तारीख से करीब एक महीने पहले ही विभा की मौत हो गई।

आकाश ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मिलकर खाने में जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया है। भाई ने ये भी बताया, कि विभा चंदन की दूसरी पत्नी थी। उसकी पहली पत्नी की भी ससुराल में मौत हो गई थी।

हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से इस आरोप की पुष्टि नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि विभा की तबीयत बिगड़ने के पीछे क्या वजह थी।

14 नवंबर को आखिरी बार हुई थी फोन पर बात

आकाश के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह उसकी बहन से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय तक परिवार को उसकी तबीयत को लेकर किसी गंभीर स्थिति की जानकारी नहीं थी। 15 नवंबर को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाई का दावा है, अस्पताल में विभा की हालत बेहद गंभीर थी। उसकी आवाज तक नहीं निकल रही थी। डॉक्टरों ने भी उसकी स्थिति देखकर आश्चर्य जताया था। परिवार के लोग इलाज के दौरान उसके ठीक होने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन 16 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई।

विभा की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर सवाल उठाए। परिवार का आरोप है कि जिस घर में विभा लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी, उसी घर में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। मायके पक्ष ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव लेकर ससुराल पहुंचे परिजन

मंगलवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने विभा का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग शव लेकर पताही गांव स्थित उसके ससुराल पहुंचे।

वहां घर के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल था।

पिता ने पति, सास-ससुर और ननद समेत अन्य पर दर्ज कराई प्राथमिकी

मृतका के पिता बच्चू चौधरी ने सदर थाने में आवेदन देकर बेटी की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें पति चंदन ठाकुर, ससुर मुरारी प्रसाद ठाकुर, सास मंजू देवी, ननद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों को आरोपित किया गया है।

परिवार ने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने मिलकर विभा को जहरीला पदार्थ खिलाया, जिससे उसकी मौत हुई।

सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।