शहीद गंगू बाबा की मूर्ति लगाकर दलित-वोट साधने की कोशिश:BJP सांसदों के पहुंचने पर इरफान बोले- चुनाव के समय याद आती है

कानपुर में शहीद गंगू वाल्मीकि उर्फ गंगू बाबा की प्रतिमा लगाने की कवायद तेज होते ही इसके सियासी समीकरण भी नजर आने लगे हैं। सीसामऊ विधानसभा सीट पर सपा की नसीम सोलंकी के सामने अब भाजपा दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश कर यहां उलटफेर की रणनीति बना रही है। 1857 की क्रांति में नानासाहब पेशवा की सेना के साथ अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले गंगू बाबा के पराक्रम को सम्मान देने के लिए भाजपा ने पहल तेज कर दी है।

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर भाजपा की नजर है। यहां करीब 17% दलित मतदाता हैं। वहीं, कानपुर की सभी 10 विधानसभा सीटों पर दलित वोटरों की हिस्सेदारी करीब 14% बताई जाती है। ऐसे में गंगू बाबा की प्रतिमा का मुद्दा दलित अस्मिता और राजनीतिक समीकरण, दोनों से जुड़ता दिखाई दे रहा है।

भाजपा की कोशिश है कि गंगू बाबा की प्रतिमा लगवाकर सीसामऊ में दलित समाज के बीच अपनी पैठ मजबूत की जाए। वहीं, सपा इसे चुनावी राजनीति और दलितों को लुभाने की कोशिश बता रही है।

पहले समझिए, गंगू बाबा की प्रतिमा के पीछे क्या है सियासी गणित?

कानपुर की राजनीति में दलित वोट बैंक कई सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाता है। घाटमपुर और बिल्हौर दो ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इनके अलावा सीसामऊ जैसी सामान्य सीट पर भी दलित मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की ताकत रखते हैं।

सीसामऊ में अब तक सपा मुस्लिम और दलित मतदाताओं के समीकरण के सहारे मजबूत रही है। भाजपा के लिए इस समीकरण को तोड़ना आसान नहीं रहा।

ऐसे में भाजपा की रणनीति ब्राह्मण, कायस्थ और दलित मतदाताओं को एक साथ लाने की दिखाई देती है। पार्टी को उम्मीद है कि अगर इन वर्गों का समर्थन एक साथ मिला तो सीसामऊ में सपा के पारंपरिक वोट समीकरण को चुनौती दी जा सकती है। यही वजह है कि गंगू बाबा की प्रतिमा का मुद्दा अब राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

राकेश सोनकर के बाद भाजपा सीसामऊ में क्यों नहीं कर सकी वापसी?

सीसामऊ विधानसभा सीट पर भाजपा का एक दौर ऐसा भी रहा है, जब राकेश सोनकर लगातार तीन बार विधायक चुने गए। 1996 के बाद भाजपा इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी। साल 2012 में सीसामऊ विधानसभा सीट का परिसीमन हुआ था। इसके बाद पार्टी ने अलग-अलग चुनावों में ब्राह्मण चेहरों पर दांव लगाया। सुरेश अवस्थी, हनुमान मिश्रा और सलिल विश्नोई को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया, लेकिन यहां जीत नहीं मिल सकी। दूसरी तरफ सपा मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच अपने समीकरण को मजबूत बनाए रखने में सफल रही।

सीसामऊ उपचुनाव में भी सपा की नसीम सोलंकी ने जीत दर्ज की। इससे भाजपा के सामने इस सीट पर अपना सामाजिक और जातीय समीकरण दोबारा तैयार करने की चुनौती बनी हुई है।

10 दिन में दो भाजपा सांसद पहुंचे गंगू बाबा के स्मारक स्थल

गंगू बाबा की प्रतिमा लगाने को लेकर भाजपा नेताओं की सक्रियता भी चर्चा में है। 4 नवंबर को राज्यसभा सांसद गोपी कृष्ण पांडेय कानपुर में स्वागत कार्यक्रम के दौरान चुन्नीगंज स्थित शहीद गंगू वाल्मीकि स्मारक स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने माल्यार्पण किया। साथ ही गंगू बाबा के वंशज तुलसीराम को 51 हजार रुपए भेंट किए। इस दौरान उन्होंने गंगू बाबा की भव्य प्रतिमा लगवाने की बात कही।

करीब 10 दिन बाद लोकसभा सांसद रमेश अवस्थी भी चुन्नीगंज पहुंचे। उन्होंने चौराहे के आसपास प्रतिमा लगाने के लिए संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। इनमें मेट्रो स्टेशन के पास, चुन्नीगंज बस अड्डे के पास और भगवानदीन वाल्मीकि पार्क के आसपास की जगह शामिल रहीं। सांसद ने भी गंगू वाल्मीकि की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही।

सांसद ने कहा कि गंगू बाबा की प्रतिमा लगाने के लिए स्थान चिह्नित कर प्रस्ताव भेज दिया गया है। रमेश अवस्थी ने कहा कि गंगू बाबा की प्रतिमा लगाने को लेकर कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं। लेकिन प्रस्ताव भेज दिया गया है। जहां उचित होगा, वहां प्रतिमा लगवाई जाएगी।

पूर्व विधायक इरफान सोलंकी बोले- चुनाव आते ही भाजपा को दलितों की याद आती है

गंगू बाबा की प्रतिमा को लेकर इरफान सोलंकी ने कहा कि भाजपा को दलितों का सम्मान करना है तो खुलकर और दिल से करना चाहिए। चुनाव आते ही भाजपा को दलितों की याद आने लगती है।

इरफान सोलंकी ने कहा कि दलित समाज का मुद्दा सिर्फ कानपुर या उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश से जुड़ा है। भाजपा के जनप्रतिनिधि जानते हैं कि दलितों के साथ कितना अत्याचार हुआ है। अब वे मरहम लगाने का काम कर रहे हैं, लेकिन घाव बहुत गहरा है।

उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रतिमा लगवा देने से दलित समाज का सम्मान सुनिश्चित नहीं हो जाता। दलित समाज अब पीडीए के साथ खड़ा है।

इरफान ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और इंडिया गठबंधन को मिली सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा इसी वजह से घबराई हुई है। सीसामऊ उपचुनाव में भी जनता ने नसीम सोलंकी को जिताकर अपना जवाब दे दिया।

वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक जानकार ने क्या कहा? पढ़िए

कानपुर के वरिष्ठ राजनीतिक जानकार पंकज प्रसून त्रिपाठी ने कहा कि गंगू बाबा एक ऐसा नाम हैं, जिन्हें कानपुर में शहीद के तौर पर सम्मान से याद किया जाता है। दलित वोट बैंक को साधने के लिए उनके नाम पर कुछ किया जाना 2027 के चुनाव से पहले भाजपा को फायदा पहुंचा सकता है, क्योंकि दलित समाज गंगू बाबा यानी शहीद गंगू वाल्मीकि का सम्मान करता है।

समाज के लिए काम करने का असर सीधे तौर पर स्थानीय स्तर पर पड़ेगा। सीसामऊ विधानसभा की बात करें तो भाजपा बिल्कुल सटीक निशाना लगा रही है, क्योंकि इस सीट पर सपा अब तक मुस्लिम और दलित मतदाताओं के एकजुट वोटों की वजह से लगातार जीतती रही है। अब अगर भाजपा दलित वोटों को अपनी तरफ कर पाती है तो इससे 2027 में नतीजे बदल सकते हैं।

दूसरा पहलू यह भी हो सकता है कि पहले सीसामऊ से राकेश सोनकर विधायक रह चुके हैं। सीसामऊ उपचुनाव के दौरान भी राकेश सोनकर के नाम की चर्चा हुई थी। ऐसे में 2027 में भाजपा यहां से किसी दलित चेहरे को उम्मीदवार बना सकती है।

स्थानीय लोगों की दो मांगें- चौराहे पर लगे प्रतिमा, मेट्रो स्टेशन का नाम भी बदले

चुन्नीगंज चौराहे के पास गंगू वाल्मीकि का शहीद स्मारक बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों से यहां प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठती रही है, लेकिन अब तक इस पर कोई काम नहीं हुआ।

स्थानीय निवासी चमन खन्ना ने बताया कि गंगू बाबा को लेकर कई नेता और महापौर तक यहां आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस जगह कन्वेंशन सेंटर बनाया गया है, वहां बरातशाला बनाने की मांग की गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

चमन खन्ना ने कहा कि अगर कन्वेंशन सेंटर का नाम ही गंगू बाबा के नाम पर रख दिया जाता तो यह उनके सम्मान में अच्छी पहल होती। उन्होंने मांग की कि शहीद गंगू वाल्मीकि की भव्य प्रतिमा चुन्नीगंज चौराहे पर ही स्थापित की जाए। इसके साथ ही चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन का नाम शहीद गंगू बाबा के नाम पर रखा जाए।