64 विला-कॉटेज खरीद मामले में IAS शिखर अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राजस्थान हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है।
हाईकोर्ट ने गुरुवार सुबह 10:40 बजे शिखर अग्रवाल की याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के लिए कहा है। अब 18 दिसंबर को अगली सुनवाई होगी। शिखर ने 17 नवंबर को अपने खिलाफ एसीबी जांच को चुनौती दी थी।
इधर, एसीबी ने 18 नवंबर को IAS शिखर अग्रवाल सहित गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट) के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एसीबी ने मामले में गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य को भी आरोपी बनाया है।
परिवार ने ढाई साल में एक ही कंपनी से खरीदे थे विला-कॉटेज
दैनिक भास्कर ने 27 अक्टूबर को IAS शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के ढाई साल के भीतर एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदने का खुलासा किया था।
भास्कर खुलासे के बाद शिखर और प्रशाखा को उनके पदों से हटाकर एपीओ कर दिया गया। इसके बाद 31 अक्टूबर को एसीबी ने शिखर अग्रवाल के खिलाफ पीई दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
एसीबी की जांच में चौंकाने वाला नया खुलासा हुआ था कि 35 दिन पहले ही शिखर अग्रवाल ने जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में दोनों बेटों के नाम 24 विला 11-11 लाख रुपए में खरीदे थे। जबकि कंपनी के ब्रोशर में कीमत 59-59 लाख रुपए है।
विला-कॉटेज की कीमतों पर उठे सवाल
ACB की प्राथमिक जांच में सामने आया कि 3 अक्टूबर 2023 को उदयपुर के बुझड़ा स्थित अनंता रिसॉर्ट में शिखर अग्रवाल और उनकी पत्नी के नाम पर 10-10 विला खरीदे गए। कुल 20 विला की कीमत 15-15 लाख रुपए बताई गई। उसी दिन इन विला को परपेचुअल लीज डीड के जरिए रेवेन्यू शेयरिंग के लिए कंपनी को वापस सौंप दिया गया।
इसके बाद इस साल 27 मार्च को अलवर के अजबगढ़ स्थित अनंता रिसॉर्ट में 20 और विला खरीदे गए। ये विला अग्रवाल, उनकी पत्नी, बेटों और सास-ससुर के नाम पर 14 लाख से 16.5 लाख रुपए प्रति विला की दर से खरीदे गए।
जांच के अनुसार- यह कीमत डीएलसी दर से 3.5 लाख से 4.5 लाख रुपए कम थी, जबकि इसी रिसॉर्ट में अन्य खरीदारों को डीएलसी दर से करीब 6 लाख रुपए अधिक कीमत पर विला बेचे गए।
ACB का आरोप है कि इस व्यवस्था से कंपनी को करीब 2 करोड़ रुपए का अनुचित लाभ पहुंचा।