आसाराम आश्रम की जमीन लेने पर विरोध:सांदीपनि लोक; 139 करोड़ की परियोजना के लिए 17 बीघा जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया

सांदीपनि लोक के निर्माण के लिए आसाराम बापू आश्रम की जमीन अधिग्रहण करने की प्रक्रिया के विरोध में अब आश्रम प्रबंधन ने मोर्चा खोल दिया है। प्रबंधन ने कहा किसी भी कीमत पर आश्रम की जमीन नहीं दी जाएगी। यदि जमीन लेकर वहां सांदीपनि लोक बनाया तो वे कोर्ट जाएंगे और आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ने पर देशभर से आसाराम बापू के अनुयायियों को यहां बुलाकर कार्रवाई का विरोध किया जाएगा। फिलहाल इस मामले में सहमति नहीं बन पाई है। कुछ दिन पहले नायब तहसीलदार शैफाली जैन ने आश्रम पहुंचकर सांदीपनि लोक के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर प्रबंधन से चर्चा की थी। बैठक में ही आश्रम प्रबंधन ने जमीन देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आश्रम संचालक शिवा भाई भी गुजरात से उज्जैन पहुंचे और उन्होंने भी जमीन देने पर सहमति नहीं जताई। यूडीए सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि प्रोजेक्ट में जिनसे सहमति प्राप्त नहीं हुई है, उनके खिलाफ अनिवार्य भूमि अधिग्रहण के तहत कार्यवाही जारी है।

प्रोजेक्ट में 15 से बढ़ाकर 17 बीघा किया जमीन का दायरा

करीब 139 करोड़ रुपए की लागत से सांदीपनि लोक विकसित करने की योजना है। इसके लिए पहले करीब 15 बीघा जमीन अधिग्रहण करने की योजना थी, जिसे बढ़ाकर अब लगभग 17 बीघा कर दिया गया है। इसमें आसाराम बापू आश्रम की जमीन भी शामिल है। आश्रम प्रबंधन को लेकर भूमि अधिग्रहण की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं विभाग का कहना है कि इस प्रक्रिया में संबंधित पक्ष की पूर्व सहमति जरूरी नहीं होती। भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई कलेक्टोरेट स्तर से संचालित हो रही है। धारा 4 का प्रकाशन पूरा हो चुका है, जबकि धारा 7 और 11 की कानूनी प्रक्रिया जारी है। जिन जमीन मालिकों से सहमति नहीं मिली है, उनके मामलों में अनिवार्य भूमि अधिग्रहण के तहत कार्रवाई की जा रही है।