कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जिला प्रमुख चुनाव में बीजेपी पर हॉर्स ट्रेडिंग, कांग्रेस सदस्यों को डराने-धमकाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए।
डोटासरा ने कहा- पंचायत चुनाव में बुरी तरह हारने के बाद बीजेपी अब कांग्रेस के जिला परिषद सदस्यों को खरीदने और डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है। भरतपुर में कांग्रेस के 21 जिला परिषद सदस्य जीते हैं, उनमें से 3 सदस्यों को बीजेपी ने उठा लिया।
डोटासरा ने कहा- 60-60 लाख में जिला परिषद मेंबर्स खरीदे जा रहे हैं। चाहे गोलियां चल जाए, भरतपुर में कांग्रेस का जिला प्रमुख बनेगा। कांग्रेस के 18 जिला परिषद मेंबर्स का ईमान नहीं खरीद सकते।
जिंदा रहा तो गुंडागर्दी करने वाले अफसरों को सबक सिखाऊंगा
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- भरतपुर में कांग्रेस का बहुमत है। इसके बावजूद ये सरकार की नाक बचाने के लिए पुलिस से गुंडागर्दी करवा रहे हैं। जो अफसर गुंडागर्दी में साथ दे रहे हैं, मैं जिंदा रहा तो इन अफसरों को ऐसी जगह लगाऊंगा कि याद रखेंगे। आगे से गुंडागर्दी में साथ नहीं देंगे।
डोटासरा ने कहा- पुलिस ने जिला परिषद मेंबर्स का जीना हराम कर रखा
डोटासरा ने भरतपुर के 18 जिला परिषद मेंबर्स को पेश किया और कहा- इनमें से एक भी मेंबर्स ऐसा नहीं है, जो कांग्रेस के अलावा कहीं जाना चाहता हो। पुलिस प्रशासन और सरकार की एजेंसियों ने इनका 4 दिन से जीना हराम कर रखा है। क्या तमाशा लगा रखा है? ये गुंडागर्दी चलेगी क्या? हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। काहे के डीजीपी, सीएस हैं, जो गुंडागर्दी होते चुपचाप देख रहे हैं।
डोटासरा ने कहा- भरतपुर जिला परिषद में बीजेपी के पास बहुमत नहीं है। इसके बावजूद जिला प्रमुख पद हासिल करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के टिकट पर जीते 3 मेंबर्स को बीजेपी अपने पक्ष में ले गई।
चौमूं में जहां कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य ठहरे, उस होटल पर दबाव बना रही पुलिस
डोटासरा ने कहा- कांग्रेस के जिला परिषद मेंबर्स चौमूं के एक होटल में ठहरे हैं। वहां चौमूं के सीआई और डीएसपी समेत पुलिस अफसर होटल प्रबंधन पर दबाव बना रहे हैं। जिला परिषद मेंबर्स को बीजेपी वाले मैसेज भेजकर प्रलोभन दे रहे हैं। पुलिस को इन मेंबर्स को उठाने को कहा जा रहा है।