बहादुरगढ़ में 6502 गज जमीन की रजिस्ट्रियों में फर्जीवाड़ा:टुकड़ों में बेचने के लिए फर्जी आईडी बनाई; अवैध कॉलोनी बसाने का आरोप

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में प्रॉपर्टी आईडी के कथित फर्जीवाड़े से अवैध कॉलोनी विकसित करने और जमीन की रजिस्ट्रियां करवाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने निर्दलीय विधायक राजेश जून पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अग्रवाल कॉलोनी की 6502 वर्ग गज जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का खुलासा करने का दावा किया है। साथ ही प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की है।

गोदाम वाली जमीन को टुकड़ों में बेचने के लिए फर्जी आईडी बनाने का आरोप

राजेंद्र जून के अनुसार, अग्रवाल कॉलोनी में 6502 वर्ग गज जमीन पर पहले गोदाम बना हुआ था। आरोप है कि जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में बेचने के लिए कथित तौर पर फर्जी प्रॉपर्टी आईडी तैयार करवाई गईं और इनके आधार पर रजिस्ट्रियां कराई गईं।

पूर्व विधायक का दावा है कि जमीन की मूल प्रॉपर्टी आईडी आज भी वास्तविक मालिकों के नाम दर्ज है, जबकि अलग-अलग हिस्सों की रजिस्ट्री के लिए दूसरी प्रॉपर्टी आईडी का इस्तेमाल किया गया।