दिल्ली के कैफे में स्टाफ से गैंगरेप, सहकर्मियों पर आरोप:महिला समेत 3 गिरफ्तार, 3 फरार; कैफे बंद होने के बाद दोबारा खोला, रातभर पार्टी चली

दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में 22 साल की युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। PTI के मुताबिक, युवती इसी कैफे में काम करती थी। उसने अपने दो सहकर्मियों पर रेप का आरोप लगाया है। घटना सोमवार रात की है।

पुलिस के मुताबिक, युवती अपने छह सहकर्मियों के साथ कैफे में पार्टी करने पहुंची थी। कैफे बंद होने के बाद उसे दोबारा खोला गया और सभी ने रातभर शराब पार्टी की थी। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन फरार हैं।

रात 11:30 बजे बंद हुआ था कैफे

PTI के मुताबिक, कैफे एक मॉल में स्थित है। सोमवार रात करीब 11:30 बजे कैफे बंद हो गया था। हालांकि, पार्टी में शामिल एक व्यक्ति के पास कैफे की चाबी थी।

उसने बंद कैफे को दोबारा खोला, जिसके बाद सभी अंदर पार्टी करने लगे। पार्टी के दौरान सभी ने शराब पी। मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे सभी लोग वहां से बाहर निकले थे।

दो सहकर्मियों पर रेप का आरोप, बाकी लोगों ने साथ दिया

युवती ने आरोप लगाया कि पार्टी के दौरान दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ रेप किया। उसने वहां मौजूद अन्य साथियों पर भी आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया है।

वहीं, न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि गैंगरेप की घटना सुबह करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकलने के बाद हुआ।

मुंबई में नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोपी को लोगों ने पकड़ा

दूसरी तरफ, मुंबई के विक्रोली इलाके में 13 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

बच्ची की मां की शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर के पहले सप्ताह में कपड़े बेचने वाले एक व्यक्ति ने नाप लेने के बहाने बच्ची को घर के पास बुलाया और गलत तरीके से छुआ। इसके बाद वह बार-बार बच्ची का पीछा भी करता रहा।

24 नवंबर को मां ने आरोपी को इलाके में पहचान लिया। भागने की कोशिश के दौरान स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।