दिल्ली की भाजपा सरकार ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सरकारी बंगले को आम लोगों के लिए खोल दिया। बंगले के बाहर शीशमहल नाम का बोर्ड लगाया गया है।
दावा किया गया है कि बंगले की कुल कीमत 58 करोड़ 83 लाख 66 हजार 314 रुपए है। बंगले के अलग-अलग हिस्सों और इंटीरियर में इस्तेमाल हुई चीजों की कीमतें भी बताई गई हैं। बेड, सोफा, टेबल सहित हर एक सामान पर प्राइस टैग लगा है।
डाइनिंग टेबल-कुर्सियों की कीमत ₹30.52 लाख बताई गई है। वहीं, पर्दों की कीमत 5 लाख और झूमर की कीमत 11 लाख रुपए बताई गई है। केजरीवाल CM रहने के दौरान, साल 2015 से 2024 तक इस बंगले में परिवार समेत रहे थे।
पहले मीडिया को एंट्री मिली, आम लोगों के लिए ₹20 टिकट
केजरीवाल के सरकारी बंगले को शुक्रवार सुबह सबसे पहले मीडिया के लिए खोला गया। इसके बाद आम लोग भी टिकट लेकर बंगले का इंटीरियर देख सकेंगे।
PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने गुरुवार को बताया था कि इसी सप्ताह टिकट बुकिंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, टिकट की कीमत करीब 20 रुपए हो सकती है। सीनियर सिटीजन और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त एंट्री देने की योजना है।
प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि जो व्यक्ति सरकारी गाड़ी तक इस्तेमाल नहीं करने की बात करता था, उसने अपने लिए आलीशान आवास बनवाया।
बंगले में सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकें कराने की योजना
सरकार की योजना इस बंगले को कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने की है। इसके बाद इसे एक निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है।
कंपनी यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों का आयोजन कर सकती है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, इस योजना को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।
बंगले की साफ-सफाई और देखभाल के लिए करीब 10 कर्मचारी तैनात हैं। केजरीवाल के परिवार के बंगला खाली करने के बाद PWD ने इसके अंदरूनी हिस्सों का ऑडिट भी कराया था।
कपिल मिश्रा बोले- वियतनाम से मार्बल मंगवाए गए थे
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल ने कोविड महामारी के दौरान यह बंगला बनवाया था। उन्होंने कहा- जो व्यक्ति एक कमरे के मकान में रहने की बात करता था, उसकी सच्चाई अब पूरे देश के सामने आएगी।
मिश्रा ने बंगले में ऑटोमैटिक लिफ्ट लगाए जाने और वियतनाम से मार्बल मंगवाने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि क्रॉकरी, टेबल और झूमर भी दूसरे देशों से मंगवाए गए थे।
रेनोवेशन पर शुरुआती अनुमान से 342% ज्यादा खर्च
दिल्ली विधानसभा में पिछले साल पेश CAG रिपोर्ट के मुताबिक, केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन पर ₹33.66 करोड़ खर्च किए गए थे। यह खर्च शुरुआती अनुमानित लागत ₹7.91 करोड़ से करीब 342% ज्यादा था।
रिपोर्ट के अनुसार, इसमें से करीब ₹18.88 करोड़ महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च हुए। CAG ने प्रोजेक्ट में नियमों की अनदेखी, फंड के गलत इस्तेमाल और लागत में भारी बढ़ोतरी जैसी अनियमितताओं का जिक्र किया गया था।
मामले की CBI जांच जारी
साल 2022 में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने बंगले के रेनोवेशन में गड़बड़ी और तय कीमत से ज्यादा खर्च की जांच की थी।
इस मामले की CBI जांच भी चल रही है। इसकी शिकायत भाजपा विधायक और तत्कालीन विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने की थी।
अरविंद केजरीवाल ने 4 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद यह सरकारी बंगला खाली किया था। इसके बाद वे अपने परिवार के साथ नए आवास में शिफ्ट हो गए थे।