UP Election 2022-Phase 7: मंत्री संजीव गोंड़ ने ओबरा में तो नीलकंठ तिवारी व रविन्द्र जायसवाल ने वाराणसी में किया मतदान

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सातवें चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में सात मंत्री भी चुनाव मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने सोमवार को इन सभी के मतदान का कार्यक्रम भी जारी किया। भाजपा के मंत्रियों, सांसद तथा संगठन के पदाधिकारियों में से अधिकांश का पहले दो घंटे यानी सात से नौ बजे के बीच में वोट डालने का कार्यक्रम था।

मंत्रियों में सबसे पहले संजीव गोंड़ ने ओबरा में मतदान किया। सोनभद्र की ओबरा विधानसभा क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड़ ने अपनी पत्नी चोपन ब्लाक प्रमुख लीला के साथ बिल्ली मारकुंडी बूथ पर मतदान किया।

वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र से विधायक और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने भी किया मतदान। इस बार सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर भी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।

वाराणसी के वाराणसी उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने राजकीय बालिका विद्यालय मलदहिया में अपना वोट डाला। रविन्द्र जायसवाल के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने अशफाक अहमद, कांग्रेस ने गुलराना तब्बसुम तथा बसपा ने श्याम प्रकाश जायसवाल को मैदान में उतारा है। मंत्री रविन्द्र जायसवाल भी परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे थे। लाइन में लगकर वोट डालने के बाद जायसवाल ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ तथा पीएम मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर पूरे प्रदेश में आज जनता चुनाव लड़ रही है। समाजवादी पार्टी को ओवर कॉन्फिडेंस है। ओवर कॉन्फिडेंस धोखा देता है। ईवीएम खराब होने की बाबत उन्होंने कहा कि यहां ड्यूटी पर जो अधिकारी है उसने जानबूझकर बदमाशी की। विशेषज्ञों की टीम ने बताया कि कोई खराबी नहीं है, 40 मिनट से मशीन का मुख्य बटन ऑफ कर रखा था। यह जांच का विषय है। जिलाधिकारी ने कहा है कि चुनाव का समय 40 मिनट बढ़ा दिया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ सरकार में स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने कन्या प्राइमरी विद्यालय, शंकुलधारा में अपना वोट डाला है। शंकुलधारा पोखरा के उच्च माध्यमिक कन्या पाठशाला पर मतदान के बाद पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य तथा भाषा विभाग के मंत्री नीलकंठ तिवारी मीडिया से भी रूबरू हो गए।

मतदान के बाद नीलकंठ तिवारी ने कहा कि सबसे आग्रह है कि घरों से निकलकर मतदान करें। जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम को देख रही है और हमारा अनुमान है कि हम पिछली बार से अधिक सीट जीतेंगे।

सपा के टिकट पर इस बार इनके सामने महामृत्युंजय महादेव मंदिर के महंत कमलेश्वर ‘किशन’ दीक्षित हैं।

वाराणसी में कैंट क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कम्पोजिट स्कूल महमूरगंज में वोट डाला। सौरभ इस बार भी भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं।

इसी सीट पर कांग्रेस के पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्रा भी चुनाव लड़ रहे हैं। भदोही के औराई विधानसभा के त्रिलोकपुर बूथ नम्बर 163 पर विधायक तथा भाजपा प्रत्याशी दीनानाथ भास्कर ने भी अपना वोट डाला।

मऊ में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने मतदान केन्द्र में पहुंचकर वोट डाला। भीम राजभर ने कहा कि मैं जानता हूं कि हम ये लड़ाई लड़ रहे हैं और धीरे-धीरे हम अपनी मंजिल पर पहुंच रहे है।