कांग्रेस में प्रशांत किशोर की एंट्री से पहले हरियाणा में नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की तैयारी, नया नाम चर्चा में

हरियाणा में कांग्रेस का नया अध्यक्ष अनुसूचित जाति का होगा। पार्टी हाईकमान के सामने अब एक नाम ऐसा पहुंच चुका है जिस पर सभी प्रमुख नेता सहमति जता सकते हैं। यह नाम भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे की तरफ से ही सुझाया गया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तमाम बड़े नेता इन दिनों चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी में औपचारिक एंट्री को लेकर विचार-विमर्श में व्यस्त हैं। इसके बावजूद हुड्डा खेमे में बने उत्साह के बाद यह माना जा रहा है कि नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा प्रशांत किशोर की एंट्री से पहले भी हो सकती है।

प्रदेश अध्यक्ष के लिए हुड्डा खेमे की ओर से हाईकमान के समक्ष जो नाम सुझाए गए, इनमें राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा,पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और पूर्व विधायक उदयभान के नाम शामिल हैं। अब कहा जा रहा है कि हाईकमान की ओर से चार बार विधायक रहे उदयभान के नाम पर सहमति हो गई है। उदयभान भी अनुसूचित जाति के हैं।

मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और उनसे पूर्व रहे प्रदेश अघ्यक्ष डाक्टर अशोक तंवर भी अनुसूचित जाति से ही हैं। उदयभान पलवल के होडल व हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से वे चार बार विधायक रह चुके हैं। इनके पिता स्वर्गीय गया लाल भी दो बार 1967 व 1977 में विधायक रहे हैं।