Weather Forecase ALERT! सामने आई मौसम विभाग की 7 दिनों की ताजा भविष्यवाणी, जानिये- कब होगी बारिश?

पिछले काफी दिनों से भीषण गर्मी और लू की चुभन झेलते आ रहे दिल्ली वासियों को अगले एक हफ्ते तक कुछ राहत का एहसास हो सकता है। दरअसल, अगले सात दिनों में बादल, आंधी, बूंदाबांदी जैसी मौसम की गतिविधियां बनी रहेंगी।

बृहस्पतिवार को भी दिल्ली में सुबी ही तेज धूप खिल गई थी जो दिन चढ़ने के साथ साथ और तीखी होती गई। दोपहर होते- होते तो घर या दफ्तर से निकलना मुहाल होने लगा। अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।

बृहस्पतिवार को हवा में नमी का स्तर 65 से 22 प्रतिशत तक रहा। मुंगेशपुर और नजफगढ़ का इलाका सबसे ज्यादा गर्म रहा। इन दोनों जगहों का अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों के बीच लगातार मौसम की अलग-अलग गतिविधियों का प्रभाव रहेगा। इसके चलते तापमान में बहुत ज्यादा इजाफा होने या लू जैसी स्थिति के वापस लौटने के आसार फिलहाल नहीं हैं।

शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा चलने के आसार हैं। जबकि तापमान 44 से 29 डिग्री के बीच रहेगा। शनिवार के दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ धूल भरी आंधी आने की संभावना है। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।

बृहस्पतिवार को भी दिल्ली एनसीआर की हवा कहीं मध्यम और कहीं खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 202 के अंक पर रहा। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 248, गाजियाबाद का 187, ग्रेटर नोएडा का 254, गुरुग्राम का 156 और नोएडा का 203 दर्ज किया गया।