हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में एक शख्स ने एकतरफा प्यार में न केवल महिला को घर में घुसकर चाकू से लहूलुहान किया, बल्कि खुद के पेट में भी चाकू घोंप लिया। दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई निवासी सुशीला (35) बहादुरगढ़ शहर के विवेकानंद नगर की गली नंबर-11 में परिवार सहित किराए पर रहती है। वहीं हरदोई के गांव मसूद नगर पुरैला निवासी सुनील (22) पड़ोस में ही रहता है। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते हैं।
अपनी उम्र से 13 साल बड़ी सुशीला से सुनील एकतरफा प्यार करने लगा। घायल सुशीला ने बताया कि एकतरफा प्यार के चलते ही वह काफी दिनों से उसका पीछा भी कर रहा था। मंगलवार की सुबह वह उसके घर पहुंच गया, लेकिन सुनील को देखते ही सुशीला ने दरवाजा बंद कर दिया।
दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुआ
सुनील ने काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने तोड़ दिया और अंदर घुसते ही चाकू से हमला कर दिया। सुशीला जमीन पर गिर गई। इसके बाद सुनील ने खुद के पेट में भी चाकू घोंप लिया। दोनों को घर में लहूलुहान देख लोगों ने शोर मचाया।
दोनों की हालत नाजुक
शोर शराबा सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने दोनों को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात की सूचना लाइन पार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की और केस दर्ज कर लिया।