PHOTOS में ब्रह्मांड के सबसे अद्भुत नजारे:नासा के जेम्स वेब टेलिस्कोप ने ली रंगीन तस्वीरें, जानें क्या है इनकी खासियत

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने जेम्स वेब टेलिस्कोप से ली गई पहली तस्वीर रिलीज करने के बाद पांच और फोटोज जारी की हैं। यह ब्रह्मांड की अब तक की सबसे हाई रिजॉल्यूशन वाली रंगीन तस्वीरें हैं। इनमें अलग-अलग गैलेक्सी से लेकर खत्म होने जा रहे तारे तक, अंतरिक्ष के कई रहस्य शामिल हैं।

आइए जानते हैं सभी 6 तस्वीरों में कैद नजारों के बारे में…

1. आकाशगंगा समूह (Galaxy Cluster)- 1

जेम्स वेब टेलिस्कोप से ली गई पहली तस्वीर को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और नासा ने मिलकर रिवील किया था। इस तस्वीर में SMACS 0723 नाम के एक आकाशगंगा समूह को देखा जा सकता है। नासा का कहना है कि इससे गैलेक्सी के साथ ही ब्लैक होल जैसी चीजों पर भी ठीक से रिसर्च हो सकेगी।

2. आकाशगंगा समूह- 2

दूसरी फोटो भी SMACS 0723 की है, लेकिन इस बार इसे करीब से देखा जा सकता है। इनमें से कुछ चीजें उसी तरह दिख रही हैं, जिस तरह वे 13.1 अरब साल पहले दिखती थीं। नासा के अनुसार टेलिस्कोप को यह एक तस्वीर बनाने में पूरे 4 दिन का समय लगा।

3. सदर्न रिंग (Southern Ring)

तीसरी तस्वीर में सदर्न रिंग नाम के नेबुला के एक तारे को देखा जा सकता है। नेबुला गैस और डस्ट से बनने वाले बादल होते हैं, जिनके बीच तारों का जन्म होता है। इस नेबुला का यह तारा खत्म होने की कगार पर है, जिससे इसकी ऊर्जा बाहरी परतों पर देखने को मिल रही है। सदर्न रिंग धरती से 2 हजार प्रकाश वर्ष की दूरी पर है।

4. स्टीफंस क्विनटेट (Stephen’s Quintet)

टेलिस्कोप से ली गई चौथी तस्वीर में स्टीफंस क्विनटेट को देखा जा सकता है। यह दुनिया का पहला आकाशगंगा समूह है, जिसे वैज्ञानिकों ने खोजा था। इस समूह में 4 से 5 गैलेक्सी हैं, जो आए दिन एक दूसरे के बहुत करीब आ जाती हैं।

5. कैरिना नेबुला (Carina Nebula)

पांचवी तस्वीर है कैरिना नेबुला की। पृथ्वी से 7,600 प्रकाश वर्ष दूर, यह ब्रह्मांड में सबसे बड़े नेबुला में से एक है। इस फोटो को देख दुनियाभर के खगोलविद हैरान रह गए हैं। यह नेबुला किसी पहाड़ और घाटियों की तरह लग रहा हैं। तस्वीर में नीचे की तरफ डस्ट है और ऊपर की तरफ गैस।

6. WASP-96b ग्रह

आखिरी तस्वीर धरती से 1,150 प्रकाश वर्ष दूर स्थित ग्रह की है इसका नाम WASP-96b है। फोटो में प्लानेट के वातावरण में मौजूद तरंगों (वेवलेंथ) का खुलासा किया गया है। यह अपने आप में एक नई खोज है। यहां पर वॉटर वेपर होने की संभावना भी जताई गई है। जिस तरह बुध ग्रह सूर्य के सबसे करीब है, उसी तरह WASP-96b भी अपने तारे से सबसे करीब है।

जेम्स वेब टेलिस्कोप की खासियत

जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप को नासा, यूरोपियन स्पेस एजेंसी और कैनेडियन स्पेस एजेंसी ने तैयार किया है। इस पर करीब 75 हजार करोड़ रुपए खर्च आया है। यह दुनिया का सबसे ताकतवर टेलिस्कोप है। इसकी क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह अंतरिक्ष से धरती पर उड़ रही चिड़िया को भी आसानी से डिटेक्ट कर सकता है।