यूक्रेन पर रूसी हमले के 6 महीने:पुनर्निर्माण करने की कवायद शुरू, यूक्रेनी सेना के गढ़ मारियुपोल में रूस बना रहा स्कूल-अस्पताल

यूक्रेन पर रूस के हमलों को 6 महीने हो चुके हैं। इस दौरान दक्षिणी यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल पर रूस ने मई में कब्जा कर लिया था। अब तीन महीने बाद रूस ने यहां निर्माण शुरू कर दिया है। नए घरों और अस्पतालों समेत अन्य इमारतों को रूस खुद बनवा रहा है। चूंकि, 1 सितंबर से स्कूलों में नया सत्र शुरू हो रहा है, उससे पहले रूस यहां के स्कूलों में पुनर्निर्माण करना चाह रहा है।

वर्किंग चीफ मेडिकल ऑफिसर नतालिया सप्लिना के मुताबिक, मारियुपोल में स्वास्थ्य व्यवस्था का तेजी से पुनर्निर्माण हो रहा है। रूसी डॉक्टर शिफ्ट में यहां काम करते हैं। वे करीब 20 दिन के लिए यहां आते हैं।

रोजगार देने की शुरुआत
मारियुपोल में इलिच स्टील एंड आयरन वर्क्स और एजोवस्टल आयरन एंड स्टील वर्क्स नाम की दो कंपनियां थीं। जो 50,000 से अधिक लोगों को रोजगार देती थीं। अब इन्हें भी पुनर्स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। शहर में परिवहन सुविधाएं मई में बहाल कर दी गई थीं।

मार्केट भी खुल रहे
रूस ने मारियुपोल में खाने-पीने, कपड़े और किताबों के लिए अस्थाई बाजार स्थापित किए हैं, इनमें भी भीड़ हो रही है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, शहर के 60 से 70% घर तबाह हो चुके हैं, इनमें से 20% को पुनर्स्थापित करना मुमकिन नहीं है। रूस के उप प्रधानमंत्री मरात खुसनुलिन की देखरेख में इन शहरों का पुनर्निर्माण हो रहा है। शहर को 3 साल के अंदर पहले की तरह फिर से आबाद कर दिया जाएगा। बता दें कि मारियुपोल को यूक्रेनी सेना का गढ़ माना जाता था, आजोव रेजिमेंट के प्रभाव वाला इलाका था। इसे रूस ने आंतकी संगठन घोषित कर रखा है।

क्या कहते हैं यूक्रेन के लोग
मारियुपोल के लोगों का कहना है कि जब रूस ने यहां हमला किया तो यूक्रेनी सेना ने स्कूलों, किंडरगार्टन और अस्पतालों को गोला-बारूद का भंडार बना दिया था। यहां के रहवासियों को सेना ने तहखानों में छिपाना पड़ा था। रूस दावा है कि जब उन्होंने मारियुपोल की घेराबंदी की, उस वक्त यूक्रेनी सेना ने यहां के लोगों का ढाल के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस दावे को एमनेस्टी इंटरनेशनल ने रिपोर्ट के आने तक नजरअंदाज किया।

शहर में 5 लाख की आबादी थी, पर युद्ध के दौरान पलायन हुआ। इसके बाद महज एक तिहाई लोग ही यहां बचे। मारियुपोल की सड़क पर रहने का मजबूर 70 वर्षीय महिला कहती हैं कि उनके बच्चे रूस चले गए। वे सेंट पीटर्सबर्ग में सरकार द्वारा दिए गए घर में रहते हैं। वे उन्हें भी बुला रहे हैं। पर वे वहां जाकर कैसे रहेंगी। उन्होंने कहा, ‘जैसी भी हूं, यहीं रहना चाहूंगी।’

यूक्रेन का स्वतंत्रता दिवस आज, पर नहीं मनेगा जश्न

  • यूक्रेन में 24 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस है। इसी दिन हमले के 6 महीने पूरे हुए। रूसी हमले की आशंका के चलते कीव में जश्न नहीं मनाया जा रहा है।
  • हमलों में 9,000 यूक्रेनी सैनिक मारे जा चुके हैं। उसकी आधी आबादी पलायन कर चुकी है। रूस के 20 से ज्यादा कमांडर मारे गए।
  • अमेरिका ने रूस के शीर्ष नेतृत्व और कुलीन वर्ग के लोगों समेत करीब 5,000 नागरिकों पर वीसा समेत अन्य प्रतिबंध लगाए हैं।