शेयर बाजार में 4 दिन की गिरावट थमी:सेंसेक्स में 200 अंकों से ज्यादा की तेजी, हर्षा इंजीनियर का शेयर आज भी 5% चढ़ा

मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के चलते मंगलवार को भारतीय बाजारों में चार दिन की गिरावट का सिलसिला टूटा और मजबूत शुरुआत हुई। सेंसेक्स 231 अंक चढ़कर 57,377 और निफ्टी 94 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 17110 के स्तर पर खुला। सेंसेक्स के ज्यादातर शेयरों में तेजी है। ITC, इंफोसिस और एशियन पेंट के स्टॉक 1% से ज्यादा बढ़कर कारोबार कर रहे है। टाटा स्टील में मामूली गिरावट है।

NSE के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में है। सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी बैंक, PSU बैंक, प्राइवेट, निफ्टी IT और निफ्टी FMCG इंडेक्स में है। रियल्टी और मेटल में मामूली तेजी है। निफ्टी के टॉप गेनर्स में ONGC, BPCL, सिपला, ब्रिटानिया और ITC हैं। लूजर्स में अपोलो हॉस्पिटल, डिविस लैब, हीरो मोटो कॉर्प, हिंडाल्को और JSW स्टील हैं।

हर्षा इंजीनियर्स का शेयर आज भी 5% बढ़कर 510 रुपए के पार कारोबार कर रहा है। गिरते बाजार के बीच सोमवार को हर्षा इंजीनियर्स इंटरनेशनल लिमिटेड के शेयरों ने जोरदार शुरुआत की थी। BSE पर हर्षा के शेयर 444 रुपए पर खुले। यह 330 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले 34.55% या 114 रुपए का प्रीमियम है। यह 155.90 या 47.24% बढ़कर 485.90 पर बंद हुआ। शेयर ने 527.65 रुपए का हाई बनाया था।

FIIs ने की 5101 करोड़ की बिकवाली
FIIs ने सोमवार को कैश में 5101 करोड़ रुपए की बिकवाली की, जबकि DIIs ने 3532 करोड़ रुपए की खरीदारी की। उधर, अमेरिकी बाजारों में सोमवार को लगातार पांचवें दिन गिरावट दिखी। डाओ जोंस 330 अंक लुढ़ककर 29,261 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक 65 अंक टूटा। S&P 500 में 1.03% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, जापान का बाजार 200 अंक की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था।

4 दिन में 13 लाख करोड़ रुपए घटी वेल्थ
निवेशकों की वेल्थ केवल चार कारोबारी सत्रों में 13 लाख करोड़ रुपए कम हो गई। शेयर बाजार में जारी बिकवाली के बीच, BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपेटलाइजेशन 270 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो 20 सितंबर को 283 लाख करोड़ रुपए था।