आशा पारेख को मिला दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड:बोलीं- ये सबसे बेहतरीन गिफ्ट है, इसे पाकर लग रहा है जैसे मेरी सारी तमन्नाएं पूरी हो गई हों

बॉलीवुड एक्ट्रेस आशा पारेख को इस साल 68वें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अब हाल ही में आशा ने एक इंटरव्यू के दौरान इस बारे में बात की और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें ये अवॉर्ड पाकर बहुत अच्छा लग रहा है।

मेरी सारी तमन्नाएं पूरी हो गईं

आशा कहती हैं, ‘ये अवॉर्ड मेरे बर्थडे के दो दिन पहले मिला है। ये 80 साल में अब तक का सबसे बेहतरीन गिफ्ट है। ये अवॉर्ड पा कर बहुत अच्छा लग रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे मेरी सारी तमन्नाएं पूरी हो गई हों। शुरुआत में जब मुझे पता चला कि मुझे ये अवॉर्ड मिल रहा है, तब मुझे यकीन ही नहीं हुआ। लेकिन अब वाकई में लग रहा है कि मुझे ये अवॉर्ड मिला है।’

वर्तमान में डांस एकेडमी चलाती हैं आशा

आशा की बात करें तो उनका जन्म मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने महज 10 साल की उम्र में एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। आशा ने बॉलीवुड की करीब 95 फिल्मों में काम किया है। वो आखिरी बार साल 1999 में आई फिल्म ‘सर आंखों पर’ में नजर आई थीं। आशा को 11 बार लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं 1992 में उन्हें भारत सरकार की ओर से देश के प्रतिष्ठित सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया था।

आशा वर्तमान में डांस एकेडमी ‘कारा भवन’ चला रही हैं। इसके अलावा, सांता क्रूज, मुंबई में उनका हॉस्पिटल ‘बीसीजे हॉस्पिटल एंड आशा पारेख रिसर्च सेंटर’ भी चल रहा है।