दुनिया के ‘सबसे गंदे शख्स’ की मौत:50 साल बाद नहाया तो जान गई, सफाई से बीमार होने का डर था

दुनिया के ‘सबसे गंदे आदमी’ का अनौपचारिक रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले अमौ हाजी का 94 साल की उम्र में निधन हो गया है। हमेशा एकांत में रहने वाले हाजी ईरान के फार्स प्रांत से थे। वे करीब 50 सालों से बिना नहाए रह रहे थे। उन्होंने कुछ महीने पहले ही साबुन और पानी का इस्तेमाल कर नहाया, जिसके बाद रविवार को उनकी मौत हो गई।

नहाने से बीमार होने का डर था
जानकारी के मुताबिक, हाजी को नहाने से डर लगता था। उनका मानना था कि वे नहाने से बीमार पड़ सकते हैं। आसपास के लोग अक्सर उनपर साफ होने का दबाव बनाते थे, जिससे वे उदास हो जाते थे। 2014 में तेहरान टाइम्स से बातचीत के दौरान हाजी ने बताया था कि वे एक गड्ढे में ईंटों से बनाई झोपड़ी में रहते हैं।

सड़ा मांस, धूम्रपान पसंद था
रिपोर्ट के अनुसार, इतने लंबे समय तक न नहाने की वजह से हाजी की त्वचा काली पड़ चुकी थी। साथ ही उनके खाने में सिर्फ सड़ा हुआ मांस और गंदा पानी शामिल था। उनका पसंदीदा खाना पॉर्क्यूपाइन मीट है। उन्हें धूम्रपान की लत भी लगी थी। कई पुरानी तस्वीरों में उन्हें सिगरेट पीते हुए भी देखा जा सकता है। वे जानवरों के मल से भरे पाइप से धूम्रपान भी करते थे।

स्थानीय ग्रामीणों ने बनाया दबाव
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो स्थानीय ग्रामीण हाजी पर नहाने के लिए दबाव बनाते रहते थे, लेकिन वे हर बार इनकार कर देते थे। हालांकि, इस बार गांव वालों ने उन्हें जबरन ही बाथरूम ले जाकर नहला दिया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। वो इतनी गंभीर स्थिति में पहुंच गए कि बीते दिनों उनकी मौत हो गई।

हाजी की जिंदगी पर बनी डॉक्यूमेंट्री
ईरानी मीडिया के मुताबिक, 2013 में हाजी के जीवन के ऊपर “द स्ट्रेंज लाइफ ऑफ अमौ हाजी” नामक एक शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई गई थी। डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया था कि अमौ हाजी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी कैसे जीते हैं।