झारखंड में दो कांग्रेस विधायकों पर ED-IT की रेड:MLA कुमार जयमंगल सिंह और प्रदीप यादव के ठिकानों पर कार्रवाई

झारखंड में दो कांग्रेस विधायकों पर ED (प्रवर्तन निदेशालय) और आयकर विभाग ने शुक्रवार को एक साथ कार्रवाई की। कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह और प्रदीप यादव के घर और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापा मारा गया। रांची, बोकारो गोड्‌डा में 9 जगहों पर छापे पड़े हैं। यह कार्रवाई कोयले से जुड़ा है।

प्रदीप यादव पौड़ैयाहाट से कांग्रेस विधायक हैं, वहीं कुमार जयमंगल सिंह बेरमो से विधायक हैं। कोयला व्यवसायी अजय कुमार सिंह के घर पर भी ED की टीम ने दबिश दी। अजय विधायक अनूप सिंह के करीबी हैं। शिवशंकर यादव के यहां भी छापे पड़े हैं। कांग्रेसी नेताओं के अलावा रांची स्थित न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी चल रही है। रांची में टीमें 8 गाड़ियों से पहुंची हैं। टीम दोनों विधायकों के गोड्डा, रांची के कांके रोड और डोरंडा स्थित नौ ठिकानों पर छापे मारे हैं।

BJP की बात नहीं मानने पर रेड होगी- जयमंगल सिंह
IT की रेड को लेकर कुमार जयमंगल सिंह ने ककाह- मेरे बेरमो आवास और पटना आवास पर आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है। जो नेता भाजपा की बात नहीं मानेंगे उनके यहां रेड डाली जाएगी।

बता दें कि जिस वक्त IT विभाग की टीम पहुंची अनूप सिंह अपने घर पर मौजूद नहीं थे। घर पर सिर्फ उनकी मां मौजूद थीं। बेरमो में कुछ और लोगों के ठिकानों की तलाश IT की टीम कर रही है। इनमें बड़े कारोबारियों के नाम शामिल हैं।

राज्य में चढ़ा राजनीतिक पारा
झारखंड में ED और आयकर विभाग की यह बड़ी कार्रवाई है। ED के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समन भेजे जाने के बाद राज्य में राजनीति तेज है।