दिल्ली नगर निगम चुनाव की आज हो सकती है घोषणा, इलेक्शन कमीशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस शाम 4 बजे

दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव की घोषणा शुक्रवार को हो सकती है। दिल्ली इलेक्शन कमीशन ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों में से अनुसूचित जाति (SC) के लिए 42 सीटें आरक्षित की गई हैं। वहीं महिलाओं के लिए भी 50 फीसदी सीटें आरक्षित रहेंगी।

मस्क के ट्विटर खरीदने के 7 दिन बाद सर्विस डाउन, लॉगिन नहीं कर पा रहे यूजर्स

सोशल मीडिया साइट ट्विटर के डाउन होने की खबर है। देश भर में कई जगहों पर यूजर्स लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं। डाउन डिटेक्टर के मुताबिक ट्विवर लॉगिन की समस्या शुक्रवार सुबह 7.30 बजे शुरू हो गई है। अब तक ट्विटर ने डाउन को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। 27 अक्टूबर को टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क ने ट्विटर का टेक ओवर किया था।

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए AAP आज घोषित करेगी अपना CM कैंडिडेट

शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अपना CM कैंडिडेट घोषित करेगी। राज्य में दो फेज में 1 और 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने गुरुवार को चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी 2023 को खत्म हो रहा है।

कर्नाटक में नहर से मिला सड़ा हुआ शव, पुलिस बोली- BJP विधायक के भतीजे हो सकते हैं

कर्नाटक की तुंगा नहर में गुरुवार को एक शव बरामद हुआ है। यह शव BJP विधायक एम पी रेणुकाचार्य के भतीजे चंद्रशेखर का माना जा रहा है। चंद्रशेखर के पिता एमपी रमेश ने 1 अक्टूबर को उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि अभी पुष्टि नहीं हुई है कि शव चंद्रशेखर का ही है। दरअसल, नहर से एक कार बरामद हुई है, उसमें एक सड़ा हुआ शव मिला है। पुलिस का कहना है कि यह शव चंद्रशेखर का हो सकता है। चंद्रशेखर 1 अक्टूबर को शिवमोग्गा से होनाली लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

5 दिन बाद बंद हुआ मोरबी पुल हादसे के बाद चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे के बाद से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन 5 दिन बाद बंद कर दिया गया है। इस हादसे में 135 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के दौरान 100 लोगों की क्षमता वाले पुल पर करीब 400 लोग सवार थे।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों ने दो बाहरी मजदूरों को गोली मारी, दोनों को अस्पताल भेजा गया
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के दियालगाम में एक प्राइवेट स्कूल में काम कर रहे दो मजदूरों पर गुरुवार को आतंकवादी ने गोलियां चलाईं। इनमें एक बिहार का और दूसरा मजदूर नेपाल से है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी कश्मीर जोन पुलिस ने दी है।