Poll of Exit Polls: गुजरात में लगातार सातवीं बार सत्ता में आती दिख रही BJP, हिमाचल में कांटे की टक्कर

 गुजरात में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से सत्ता में आ सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में मुकाबला कांटे का रहा है। कांग्रेस सत्तारुढ़ पार्टी को कड़ी टक्कर देते हुए नजर आ रही है। सोमवार देर शाम जारी एक्जिट पोल से यही बात निकलकर सामने आती है। हालांकि, वास्तविक नतीजे 8 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।

अब आठ दिसंबर को नतीजों से ही स्पष्ट होगा कि सत्ता किसके हाथ में आएगी। गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में सोमवार को खत्म हुआ। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। परिणाम को प्रतीक्षा में रखा गया था।एक्जिट पोल के अनुसार, गुजरात में भाजपा 117-148 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस को 30-51 और आम आदमी पार्टी को 3-13 सीटें मिलने का अनुमान है। हिमाचल में भाजपा को 24-40 और कांग्रेस को 26-40 सीटें मिलने की बात कही जा रही है। आप को 0-3 सीटें मिल सकती हैं। गुजरात में भाजपा तीन दशकों के अपने प्रदर्शन का सिलसिला बरकरार रखती नजर आ रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गृहराज्य होने के चलते गुजरात पर सबकी निगाहें हैं। भाजपा की दमदार वापसी होती है तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि पांच वर्ष पहले सत्तारूढ़ भाजपा को कड़ी और बड़ी टक्कर देने वाली कांग्रेस को इस बार आप ने काफी क्षति पहुंचाई है। यह भी साफ हो जाएगा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस के पक्ष में जो माहौल तैयार होने की बात कही जा रही है, उसका असर गुजरात तक नहीं पहुंचा।

गुजरात में फिर से भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार

  • न्यूज एक्स-जन की बात के एक्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बन सकती है। भाजपा को इस बार 117-140, कांग्रेस को 34-51 और आम आदमी पार्टी को 6-13 सीटें मिल सकती हैं।
  • रिपब्लिक टीवी और पी-मारक्यू के एक्जिट पोल मे भी गुजरात में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया गया है। कहा गया है कि इस बार भाजपा को 128-148, कांग्रेस को 30-42 और आम आदमी पार्टी को 2-10 सीटें सकती हैं।
  • टीवी-9 गुजराती के एक्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में एक बार फिर भाजपा की लहर देखने को मिली है। यहां सत्तासीन पार्टी को 125-130, कांग्रेस को 40-50 और आम आदमी पार्टी को 3-5 सीटें मिलने का पुर्वानुमान व्यक्त किया गया है।
  • इंडिया टूडे ग्रुप-एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के मुताबिक, गुजरात में भाजपा को 128-144, कांग्रेस को 30-42 और आम आदमी पार्टी को 2-10 सीटें मिल सकती हैं।