बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा झांसी:डिफेंस कोरिडोर से कनेक्ट करने के लिए 100 KM लंबा लिंक एक्सप्रेस-वे बनेगा, यूपीडा ने दी मंजूरी

झांसी के लोगों के लिए ये अच्छी खबर है। पिछले दिनों बनकर तैयार हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से अब झांसी को भी जोड़ा जा रहा है। इसका मुख्य कारण यहां डिफेंस कोरिडोर का निर्माण होना है। यहां तक मार्ग सुगम बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इसके लिए 100 किलोमीटर लंबा झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने मंजूरी दे दी है। यह लिंक एक्सप्रेस-वे गरौठा से होते हुए एरच तक जाएगा। एरच में ही ये डिफेंस कोरिडोर से जुड़ जाएगा।

झांसी की मांग पूरी हुई

चित्रकूट से इटावा तक बना बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे 296 किमी लंबा है। ये बुंदेलखंड के 5 जिलों चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर व जालौन को जोड़ता है। इसके अलावा औरैया और इटावा से भी इससे लिंक है। 16 जुलाई 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालौन के कैथेरी गांव में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया था।

बता दें कि शुरुआत से ही एक्सप्रेस-वे से झांसी को जोड़ने की मांग की जा रही थी। यह मांग अब पूरी हो गई है। यूपीडा ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसे झांसी से जोड़ने के लिए 100 किमी लंबा नया झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा।

अब तैयार की जाएगी डीपीआर

नया झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे राष्ट्रीय राजमार्ग 27 गरौठा से होते हुए एरच तक पहुंचेगा। एरच में यह डिफेंस कॉरिडोर से जुड़ जाएगा। इससे यहां के लोगों के लिए दिल्ली व लखनऊ सीधे पहुंचने के लिए एक्सप्रेस-वे का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

इस नए लिंक एक्सप्रेस-वे के प्रारंभिक भौतिक अध्ययन के लिए यूपीडा की ओर से सलाहकार एजेंसी की तैनाती की जा रही है, जो इसकी डीपीआर तैयार करेगी।

चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे भी बनेगा

चित्रकूट पहले से ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जुड़ा है। लेकिन, अब इसे चित्रकूट में बनने वाले डिफेंस कॉरिडोर के नोड से सीधा जोड़ा जाएगा। इसके लिए 25 किमी लंबा चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। इसकी भी मंजूरी मिल चुकी है।

बता दें कि पिछले साल सितंबर माह में यूपीडा ने मुख्यमंत्री के समक्ष पांच नए लिंक एक्सप्रेस-वे बनाने का सुझाव रखा था। लेकिन, मुख्यमंत्री ने झांसी और चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे बनाने पर ही सहमति जताई थी।

लखनऊ-दिल्ली जाना आसान होगा

उद्योग उपायुक्त मनीष चौधरी ने बताया कि झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे बन जाने से यहां के लोगों के लिए दिल्ली और लखनऊ जाना सुगम हो जाएगा। साथ ही दिल्ली और लखनऊ से डिफेंस कोरिडोर तक आना बेहद आसान हो जाएगा। इससे कोरिडोर के काम में भी तेजी आएगी।