पठान की सक्सेस के बाद पहली बार सामने आए SRK:मन्नत की बालकनी में आकर फैंस को कहा शुक्रिया, झूमे जो पठान पर भी किया डांस

सुपरस्टार शाहरुख खान ने रविवार (29 जनवरी) को अपने बंगले ‘मन्नत’ की बालकनी में आकर अपने फैंस को सरप्राइज दे दिया। ये शाहरुख की ‘पठान’ की रिलीज के बाद से पहली पब्लिक अपीरियंस थी। इस दौरान वो सिर झुकाकर फैंस को थैंक यू बोलते हुए नजर आए। इसके साथ ही उन्होंने अपने सिग्नेचर पोज से फैंस का दिल खुश कर दिया।

‘झूमे जो पठान’ सॉन्ग पर डांस करते नजर आए शाहरुख

अब शाहरुख के कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें वो फैंस को बार-बार हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने फैंस को ‘पठान’ के ‘झूमे जो पठान’ सॉन्ग का डांस स्टेप्स भी करके दिखाए। ये देखकर फैंस काफी एक्साइटेड हो गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। शाहरुख खान का ये अदांज लोगों को खूब पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया के जरिए उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं।

पठान 8000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है

शाहरुख की हालिया रिलीज हुई फिल्म पठान हर रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। इस फिल्म ने डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 4 दिनों में ही 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। ये फिल्म वर्ल्डवाइड 8000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। हिंदी, तमिल और तेलुगु मिलाकर फिल्म 5500 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई। वहीं विदेशों में फिल्म को 2500 स्क्रीन्स मिले हैं। शुरुआत में फिल्म 5200 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी, लेकिन फिल्म के क्रेज को देखते हुए 300 स्क्रीन्स और बढ़ा दिए गए हैं।

शाहरुख ने पठान से 4 साल बाद किया है कमबैक

शाहरुख खान ने पठान से सिल्वर स्क्रीन पर बतौर लीड चार साल बाद वापसी की है। वो आखिरी बार 2018 में आई फिल्म ‘जीरो’ में नजर आए थे। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। इन चार सालों में उन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र’, ‘लाल सिंह चड्ढा’ और ‘रॉकेट्री’ जैसी फिल्मों में कैमियो किया था। बतौर लीड वो पठान से धमाकेदार कमबैक करने जा रहे हैं। फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ है। फिल्म के मीडिया राइट्स तकरीबन 100 करोड़ में बेचे गए हैं।