अडाणी ग्रुप के 10 में से 5 शेयरों में गिरावट:पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस के शेयर 5-5% टूटे; सेंसेक्स 100 अंकों से ज्यादा चढ़ा

भारतीय शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (23 फरवरी 23) को मामूली तेजी है। सेंसेक्स करीब 100 अंकों से ज्यादा बढ़कर 59850 के करीब कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 30 अंकों से ज्यादा चढ़ा है। ये 17590 के करीब ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट और 8 में तेजी है। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और टाटा स्टील बढ़कर कारोबार कर रहे हैं। एशियन पेंट, इंडसइंड बैंक और एचडीएफसी बैंक में गिरावट है।

अडाणी ग्रुप के 10 में से 5 शेयरों में गिरावट
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 5 में तेजी और 5 में गिरावट है। फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज में 1% से ज्यादा की तेजी है। अडाणी पोर्ट भी करीब आधा फीसदी चढ़ा है। ग्रुप के सीमेंट स्टॉक ACC में करीब 0.30% तेजी और अंबुजा सीमेंट 1.90% चढ़ा है। अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस के शेयर 5-5% टूटे हैं। विल्मर में करीब 0.20% की गिरावट है। एनडीटीवी भी 1.50% से ज्यादा नीचे है।

निवेशकों के एक दिन में 51,000 करोड़ डूबे
बुधवार को अडाणी ग्रुप के शेयरों में गिरावट के चलते उसका मार्केट कैप 51,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कम होकर 7.5 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है। उससे एक दिन पहले मंगलवार को, ग्रुप के 10 शेयरों का कंबाइन्ड मार्केट कैप 8,09,182 करोड़ रुपए था। वहीं 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने से पहले ग्रुप का एम कैप 19.19 लाख करोड़ था।

फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स लिस्ट के मुताबिक गौतम अडाणी की नेटवर्थ सिर्फ 43.4 बिलियन डॉलर रह गई है। अडाणी को बीते 24 घंटे में 6.2 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 26वें नंबर पर आ गए हैं।

सेबी ने रेटिंग एजेंसियों से जवाब मांगा
सेबी ने रेटिंग एजेंसियों से अडाणी कंपनियों के शेयरों के बदले लिए कर्ज की जानकारी मांगी है। इसके तहत लोकल लोन और सिक्योरिटीज की रेटिंग पर डीटेल मांगी गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि अडाणी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट ग्रुप के कर्ज भुगतान पर असर डाल सकती है।

अडाणी ग्रुप को लेकर 24 जनवरी को आई हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद से अब तक किसी भी भारतीय रेटिंग एजेंसी ने ग्रुप को लेकर रेटिंग्स या आउटलुक में बदलाव नहीं किया है। जबकि रिपोर्ट के बाद से अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर्स में भारी गिरावट आ चुकी है।

वहीं दूसरी तरफ कई इंटरनेशनल रेटिंग एजेंसी जैसे एसएंडपी और मूडीज ने अडाणी ग्रुप की ज्यादातर कंपनियों की कर्ज लेने की रेटिंग को ‘स्टेबल’ से ‘निगेटिव’ कर दिया है।

बुधवार को सेंसेक्स 927 अंक नीचे बंद हुआ था
कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बुधवार (22 फरवरी 23) को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 927 अंक टूटकर 59,744 पर आ गया। निफ्टी भी 272 अंक नीचे 17,554 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग, मेटल और IT स्टॉक्स सबसे आगे रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट रही।