कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने मंगलवार को मांड्या में एक रैली के दौरान लोगों पर 500 रुपए के नोट उड़ाए। वे श्रीरंगापट्ना में कांग्रेस की तरफ से आयोजित प्रजा ध्वनि यात्रा में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने बेविनाहल्ली में बस के ऊपर से कलाकारों पर पैसे बरसाए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
कांग्रेस का फोकस 150 से ज्यादा सीटों पर
राज्य में अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के आकांक्षी हैं। इसी के लिए वह मांड्या में रोड शो और प्रचार करने के लिए गए थे। कांग्रेस इस बार राज्य में 150 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य को लेकर चुनावी रणनीति बना रही है।
2018 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने सिर्फ 78 सीटें ही जीती, जबकि JDS को 37 सीटें मिली थीं। वहीं, भाजपा ने 104 सीटे जरूर जीती थीं, लेकिन 224 विधानसभा सीटों वाले कर्नाटक में 113 के बहुमत आंकड़े से 9 सीटें कम रह गई थीं।
शिवकुमार ने कुछ दिन पहले DGP को नालायक कहा था
डीके शिवकुमार ने कुछ दिन पहले राज्य के DGP प्रवीण सूद को नालायक कहा था। उन्होंने दावा किया था कि प्रवीण राज्य की भाजपा सरकार का बचाव कर रहे हैं और उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ केस दर्ज कर रहे हैं। शिवकुमार ने चेतावनी दी थी कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस नेता ने प्रवीण पर नन्जे गौड़ा और उरी गौड़ा के नाम पर प्रवेश द्वार बनाने की अनुमति देने का आरोप लगाया था। हिन्दू कार्यकर्ताओं के मुताबिक, नन्जे और उरी ने मैसूरु के शासक टीपू सुल्तान की हत्या की थी।