पंजाब के रोपड़ जिला के नंगल शहर में गुरुवार को एक फैक्ट्री से गैस लीक हो गई। जिससे प्राइवेट स्कूल के 30 से 35 छोटे बच्चों समेत कई लोग चपेट में आ गए। इन सभी को गले में खराश सिर दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। निजी स्कूल को बंद करके बच्चों को घर भेज दिया गया है।
हादसे के बाद शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस समेत अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने स्कूल छात्रों से बात की।
नंगल में दो बड़ी फैक्ट्रियां हैं पहली पीएसीएल और दूसरी एनएफएल। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि गैस कहां से लीक हुई है। हादसे के बाद आसपास के गांव के लोग इकट्ठे हो गए और फैक्ट्रियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों फैक्ट्री के प्रबंधन के लोग अपना अपना पल्ला झाड़ रहे हैं कि हमारे यहां से गैस लीक नहीं हुई है।
जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर हादसा
यह हादसा रोपड़ जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर नंगल में हुआ। यहां सुबह अचानक फैक्ट्री से गैस लीक हो गई। इससे फैक्ट्री के साथ लगते प्राइवेट स्कूल के बच्चे चपेट में आ गए। उन्हें गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इस पर एबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस में बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा कि अब बच्चों की हालत स्थिर है।
वहीं इसकी सूचना मिलते खुद शिक्षा मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंत्री बैंस स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल को खाली करवा बच्चों को घर भिजवाया। हालांकि अभी इसका पता नहीं चल पाया है कि गैस कैसे लीक हुई। जांच की जा रही है।
फैक्ट्री के साथ लगते हैं 20 गांव
जानकारी के मुताबिक जिस जगह गैस लीक हुई वहां 300 से 400 लोग हर वक्त मौजूद रहते हैं। आसपास कई कॉलोनियों सहित 15 से 20 गांव लगते हैं। नगर काउंसिल नंगल के अध्यक्ष व कांग्रेस नेता संजय साहनी ने कहा कि यह जांच का विषय है कि फैक्ट्री के नजदीक स्कूल को मंजूरी किसने दी। फैक्ट्री से करीब 2 किलोमीटर दूर शिवालिक कॉलेज नंगल भी है।
मंत्री ने ट्वीट कर दी हादसे की जानकारी
हादसे की जानकारी पंजाब के शिक्षा मंत्री मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा कि हालात को देखते हुए मौके पर क्षेत्र की सभी एंबुलेंसों को रवाना किया। वह खुद भी वहां पहुंच रहे हैं। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक गैस लीक होने से छोटे बच्चों और कुछ लोगों को गला दर्द सिर दर्द आदि की समस्या पेश आई है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।