अगले 6 महीनों में 23 IPO, 7 इसी हफ्ते:साल के बाकी महीनों में शेयर बाजार से 1 लाख करोड़ रुपए जुटाएंगी दो दर्जन कंपनियां

बाजार में तेजी लौटते देख कंपनियां स्टॉक एक्सचेंजों में लिस्टिंग की तैयारी कर रही हैं। 6-7 महीने में 23 कंपनियां इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO के जरिए 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की पूंजी जुटाएंगी। आधा दर्जन से ज्यादा IPO इसी हफ्ते खुलेंगे। इसमें से तीन मेन रूट से, जबकि चार एसएमई रूट से आएंगे।

इस हफ्ते सात कंपनियां IPO के जरिए बाजार से 1,649 करोड़ रुपए की पूंजी जुटाएंगी। मेन बोर्ड पर लिस्ट होने वाली कंपनियां 1,539 करोड़ रुपए और चार कंपनियां एसएमई इश्यू से 110 करोड़ रुपए जुटाएंगी।

पिछले साल आए कई IPO ने लोगों को किया मालामाल
पिछले साल LIC और डेल्हीवरी जैसी बड़ी कंपनियों के IPO से अब तक निवेशकों को 67% तक नुकसान हो चुका है। लेकिन अदाणी विल्मर, रुचि सोया और हरिओम पाइप्स जैसे IPO ने 321% तक रिटर्न भी दिए हैं।

इस साल नुकसान की आशंका कम
2022 के उलट 2023 में आईपीओ की पेशकश उम्मीद से ज्यादा हो सकती है। अर्न्स्ट एंड यंग के मुताबिक, इस साल आईपीओ मार्केट का ट्रेंड स्टेबल और आउटलुक पॉजिटिव है। यानी नुकसान की आशंका कम है।