ग्रेटर नोएडा में बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें सेवादार एक महिला को उठाकर रेलिंग से दूसरी तरफ फेंकता दिख रहा है। दरअसल, महिला दरबार में अर्जी लगाना चाहती थी। इसलिए रेलिंग फांदकर वह दूसरी तरफ आ गई थी। तभी सेवादार ने उसे वापस उसी तरफ उठाकर फेंक दिया। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई शुरू हो गई है।
जब सेवादार महिला को उठाकर फेंक रहा था तब वहां एक एसआई भी मौजूद था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद मामले पर संज्ञान लिया। सूरजपुर थाने में एसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। घटना बुधवार को धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार की है।
भगदड़ कैसे मची, पहले ये समझिए…
ग्रेटर नोएडा के जैतपुर में बुधवार को पंडित धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार लगा। कार्यक्रम के लिए आयोजकों ने 3 पंडाल लगाए थे। लेकिन भीड़ इतनी बढ़ गई कि तीनों पंडाल भर गए। पंडाल के बाहर भी भक्तों की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में VVIP पास जारी किए गए थे।
वीआईपी पास से पीछे छोटे से गेट से एंट्री करवाई जा रही थी। इस बीच, वहां पर बिजली के तार से एक महिला को करंट लग गया। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई। कई बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया।
पुलिस ने लोगों को घर लौटने को कहा
स्थिति को देख पुलिस ने श्रद्धालुओं से दिव्य दरबार के समाप्त होने की बात कही। धीरेंद्र शास्त्री के मंच पर चढ़कर पुलिस लोगों से वापस घर जाने की अपील करने लगी। लोगों से कहा गया कि वे घरों से ही प्रवचन सुनें। टीवी पर उनका कार्यक्रम आ रहा है।
दोपहर 12 बजे से पहले ही दिव्य दरबार में पांच लाख से अधिक लोग पहुंच चुके थे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं का दिव्य दरबार में आना लगातार जारी रहा। धीरेंद्र शास्त्री की एक झलक पाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर हालात बेकाबू हो गए थे।
7 किलोमीटर दूर से ही लोग रास्ता बताने लगते हैं
पंडित धीरेंद्र शास्त्री का दरबार जैतीपुर में लगा है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होने लगते हैं। लेकिन लोगों की भीड़ सुबह 6 बजे से ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए जद्दोजहद करने लगती है। हम करीब 7 किलोमीटर दूर थे तभी लोगों ने बताना शुरू कर दिया कि अगर दरबार में जाना है तो उस रास्ते से नहीं बल्कि इस रास्ते से जाओ। रास्ते में एक महिला मिलीं, उन्होंने कहा- चमत्कारी बाबा का कार्यक्रम उधर चल रहा है। हमने पूछा कि चमत्कारी क्यों? उनका जवाब था कि वह बाबा पर्ची देखकर भक्तों की समस्या और उसका समाधान बता देते हैं।