संसद की सुरक्षा चूक के मामले में गुरुग्राम के दंपती के घर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया है। केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने कल यहां से विक्की शर्मा और उसकी पत्नी वृंदा शर्मा को हिरासत में लिया था। जिसके बाद घर में कोई न घुस सके और अंदर कोई छेड़छाड़ न हो, इसके लिए पुलिस तैनात कर दी गई है।
शुरूआती जांच के मुताबिक सुरक्षा चूक मामले में पकड़े गए चार आरोपी सागर शर्मा, मनोरंजन, नीलम देवी और अमोल शिंदे दिल्ली जाने से पहले विक्की के घर रुके थे। उसका घर गुरुग्राम की सेक्टर 7 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में है।
पुलिस को यह भी पता चला है कि यह लोग अंबाला की शहीद ए आजम भगत सिंह सेवा समिति से जुड़े हुए थे। पुलिस इस संस्था के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा दिल्ली में पकड़े गए 2 आरोपियों के बैग भी विक्की शर्मा के घर से मिले हैं। विक्की के घर और इन आरोपियों के बैग से शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव से जुड़ी किताबें मिली हैं।
बेटी बोली- 5 लोग घर आए थे, सागर को जानती हूं
विक्की शर्मा की 15 साल की बेटी है। केंद्रीय एजेंसियों की पूछताछ में उसने बताया कि मंगलवार शाम को 5 लोग उनके घर आए थे। इनमें से वह सिर्फ सागर शर्मा को जानती है। सागर पहले भी उनके घर आता रहा है। इसके बाद एजेंसियों ने उसे बाकी आरोपियों की फोटो दिखाकर भी पूछताछ की।
गुरुग्राम ACP बोले- जांच में पूरा सहयोग
गुरुग्राम के ACP वरूण दहिया ने कहा कि संसद की सुरक्षा से जुड़ा मामला दिल्ली का है। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। उनकी तरफ से जो भी डिमांड की जा रही है, उससे जुड़ी जानकारियां उन्हें भेजी जा रही हैं। गुरुग्राम पुलिस इनके बारे में अपने स्तर पर भी जानकारियां इकट्ठा कर दिल्ली भेज रही है। आरोपियों पर पूरी कार्रवाई दिल्ली में ही होगी। हम अपनी तरफ से पूरा सहयोग कर रहे हैं।