अमरोहा में कलश-यात्रा के दौरान भाजपा नेता को आया हार्टअटैक:चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, राम का नाम लेते समय आई मौत

अमरोहा में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे है। अगर बात की जाए दिसंबर माह की तो इस माह में अब तक सात लोगों की हार्ट अटैक से जान जा चुकी है। अब भाजपा नेता की शहर में कलश यात्रा निकालते समय हार्ट अटैक आ जाने से मौत हो गई। हालांकि साथी लोग उन्हें अस्पताल ले गए थे। जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। भाजपा नेता की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

दरअसल भगवान राम के मंदिर के उद्घाटन से पहले अयोध्या से पूजित चावल अमरोहा आए थे। रविवार को कलश के माध्यम से यात्रा निकालकर अमरोहा जनपद के प्रत्येक मंदिर तक पहुंचाया जा रहा था। जब यह कलश यात्रा अमरोहा के मोहल्ला चौक में पहुंची तो इस कलश यात्रा की अगुवाई भाजपा के वरिष्ठ नेता राम भक्त चेतन गुप्ता कर रहे थे। उनके हाथ में माइक था और वह लोगों को बता रहे थे कि 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है और आप सभी के लिए अयोध्या से पूजित चावल इस कलश के माध्यम से आए हैं।

कलश यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि थे भाजपा नेता चेतन गुप्ता
आप सभी लोग इसके दर्शन करें और इसमें से कुछ चावल अपने-अपने घर पर पूजा के लिए ले जाएं और 22 जनवरी को अपने घर पर ही भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण का पूजन अपने घर पर करें। लेकिन इसी दौरान चेतन गुप्ता को हार्ट अटैक आ गया और भगवान राम की भक्ति में लीन चेतन गुप्ता दुनिया से अलविदा कह गए।

अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हालांकि उनको अस्पताल ले जा गया, लेकिन उनकी मृत्यु की पुष्टि डॉक्टर ने कर दी। जिसके बाद अमरोहा में उनके परिवार के साथ-साथ उनके चाहने वालों में दुख की घड़ी दौड़ गई। मगर कुछ लोगों ने उनकी मृत्यु को मोक्ष प्राप्ति बताया।

लोगों ने कहा कि भगवान राम का नाम लेते वक्त अच्छे-अच्छे को मृत्यु नहीं आती, लेकिन उनको भगवान राम की भक्ति के दौरान मृत्यु आई है। इसलिए उनको भगवान ने अपने पास बुलाकर मोक्ष प्रदान किया है। इसकी वजह से अमरोहा में उनकी मृत्यु चर्चा का विषय बन गई है।