जालंधर में दिल्ली की युवती से रेप:शादी का झांसा देकर होटल ले गया; लड़की बोली- बिजनेस के लिए 9 लाख भी लिए, अब मुकरा

जालंधर के थाना भार्गव कैंप के बाहर 11 दिन पहले हंगामा करने वाली युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। युवती ने आरोप लगाया था कि न्यू दयोल नगर के रहने वाले एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने आरोपी दुष्यंत भनोट के खिलाफ IPC की धारा 376 और 420 का केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।

दिल्ली की रहने वाले युवती ने बताया कि शादी डॉट कॉम के जरिए वह जालंधर न्यू दयोल नगर के रहने वाले दुष्यंत नाम के युवक के संपर्क में आई थी। दोनों के बीच अच्छी बातचीत होने लगी और शादी करने की बात तय हो गई। इसके बाद युवती ने रिलेशनशिप के लिए हां कर दी। दुष्यंत हाईवे पर स्थित एक बड़े रेस्टोरेंट में वैलेट पार्किंग का ठेका चलाता था।

होटल में बुलाकर बनाए शारीरिक संबंध
युवती ने बताया कि युवक ने उसके साथ जालंधर में कई बार होटल में बुलाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। मगर अब युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया था। इसी के बाद युवती ने मामले की शिकायत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को दी थी। पुलिस ने जांच के बाद उक्त आरोपी के खिलाफ आज केस दर्ज कर लिया है।

थाना-4 के SHO ने की केस दर्ज होने की पुष्टि
थाना-4 के SHO हरदेव सिंह ने बताया कि महिला द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। महिला ने आरोप लगाया था कि उक्त युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए हैं। जांच के बाद उक्त युवक आरोपी पाया गया तो केस दर्ज कर लिया गया है। महिला द्वारा ठगी का भी आरोप लगाया है।

कारोबार के नाम पर लिए 9 लाख रुपए
युवती ने बताया कि युवक जालंधर-लुधियाना हाईवे, परागपुर के पास स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में वैलेट पार्किंग का ठेका चलाता है। दुष्यंत ने कारोबार चलाने के नाम पर उससे थोड़े-थोड़े करके करीब 8 से 9 लाख रुपए ले लिए। उसने सारे पैसे ऑनलाइन दिए थे। जिसका सारा रिकॉर्ड उसके पास है। पीड़िता ने बताया कि पिछले डेढ़ साल में दुंष्यत ने उससे ये रुपए लिए। मगर जब शादी की बारी आई तो मुकर गया।

युवती बोली- होटल में हुई थी मारपीट
युवती ने बताया कि कुछ दिन पहले दोनों वह एक निजी होटल में मिले थे। इस दौरान दुष्यंत ने उनके साथ मारपीट की थी। क्योंकि उसे पता चल गया था कि वो अन्य कई लड़कियों के साथ अफेयर में था। पीड़िता ने बताया कि युवक के पास उसके अश्लील वीडियो है।