रेवाड़ी से BJP में शामिल होंगे सतीश और सन्नी यादव:रोहतक में आज CM मौजूदगी में जॉइनिंग करेंगे; दोनों निर्दलीय चुनाव लड़ चुके

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भारतीय जनता पार्टी में सोमवार को दो और बड़े चेहरे शामिल होंगे। रेवाड़ी सीट से एक बार इनेलो और एक बार निर्दलीय चुनाव लड़ चुके सतीश यादव और सन्नी यादव रोहतक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामेंगे। दोनों ही नेताओं की पहले से भाजपा से निकटता रही है।

पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी सतीश यादव ने भाजपा का दामन थामा था। जबकि, सन्नी यादव ने लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह के लिए प्रचार करने के साथ ही विधानसभा चुनाव निर्दलीय रूप से लड़ा था। हालांकि, सन्नी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की थी। सोमवार को वह विधिवत तौर पर भाजपा जॉइन करेंगे।

दोनों का खुद का जनाधार
बता दें कि रेवाड़ी सीट पर सतीश यादव और सन्नी यादव दोनों का खुद का जनाधार है। सतीश यादव जिला प्रमुख रहने के साथ ही दो बार निर्दलीय चुनाव लड़कर अच्छी खासी वोट ले चुके हैं। जबकि, सन्नी यादव ने भी निर्दलीय चुनाव लड़कर 20 हजार से ज्यादा वोट लेकर सभी को चौंका दिया था। इन दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद निश्चित पार्टी को मजबूती मिलेगी।

कापड़ीवास भी कर चुके वापसी
दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव में रेवाड़ी सीट हॉट बन गई थी। भले ही सतीश यादव ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन वे बीजेपी से बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरे रणधीर सिंह कापड़ीवास की मदद करने उतरे थे। कापड़ीवास ने करीब 37 हजार वोट लिए थे। कापड़ीवास के बागी होकर चुनाव लड़ने की वजह से बीजेपी ये सीट हार गई थी।

हालांकि, 6 साल से निष्कासित होने के बाद साढ़े 4 साल बाद ही पिछले सप्ताह रणधीर सिंह कापड़ीवास भी बीजेपी जॉइन कर चुके हैं। ऐसे में भाजपा को यहां पर बड़ी मजबूती मिली है।