राहुल की न्याय-यात्रा एक हफ्ते पहले खत्म होगी:पश्चिमी UP नहीं जाएंगे; 10-14 मार्च के बीच मुंबई में आखिरी दिन, पहले 20 मार्च था

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शेड्यूल बदल गया है। उत्तर प्रदेश में राहुल अब कम दिन रुकने वाले हैं। इससे न्याय यात्रा अपने निर्धारित समय से एक हफ्ते पहले खत्म हो सकती है। पहले 20 मार्च को मुंबई में यात्रा का आखिरी दिन था। अब 10 से 14 मार्च बीच आखिरी दिन होगा।

पहले UP में न्याय यात्रा सबसे ज्यादा 11 दिन रुकने वाली थी। राहुल 14 फरवरी को UP आने वाले थे, लेकिन अब वे 16 फरवरी को आएंगे। इसके बाद 22 या 23 फरवरी को मध्य प्रदेश जाएंगे। वे पहले 27 या 28 फरवरी को UP से मध्य प्रदेश जाने वाले थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले के प्लान के मुताबिक राहुल की यात्रा चंदौली से लखनऊ तक ही होगी। हालांकि, इस बीच वे पश्चिमी UP के अधिकतर इलाकों में नहीं जाएंगे। राहुल चंदौली से वाराणसी और फिर भदोही, प्रयागराज और प्रतापगढ़ से होते हुए अमेठी जाएंगे। अगले पड़ाव में रायबरेली और लखनऊ पहुंचेंगे।

नया शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल 19 फरवरी को अमेठी और रायबरेली में रहेंगे। फिर लखनऊ से सीतापुर जाने के बजाय कानपुर और झांसी जाएंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी UP में राहुल को जॉइन कर सकती हैं। UP के बाद यात्रा मध्य प्रदेश जाएगी।

UP में यात्रा का फोकस अमेठी-वाराणसी रहेगा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल का फोकस अमेठी और वाराणसी पर ज्यादा रहेगा। UP में सबसे ज्यादा 80 लोकसभा सीटें हैं, लेकिन साल 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक सीट पर सिमट गई थी। रायबरेली से केवल सोनिया गांधी को जीत मिली थी।

इस चुनाव में कांग्रेस अपनी पैतृक सीट अमेठी भी हार गई थी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को बड़े अंतर से हरा दिया था। वाराणसी से PM मोदी सांसद हैं। ऐसे में कांग्रेस वाराणसी, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ और प्रयागराज पर ज्यादा ध्यान देगी।

राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 66 दिन, 15 राज्य और 6700 KM का सफर

राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की थी। 20 मार्च (पहले के शेड्यूल के मुताबिक) को खत्म होने वाली यात्रा 15 राज्य और 110 जिलों के 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से और पैदल 6700 किमी का सफर तय करेंगे।

न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र के मुंबई में खत्म होगी। 66 दिनों तक चलने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। राहुल गांधी जगह-जगह रुक कर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।

15 राज्यों की 100 लोकसभा सीटों को कवर करेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर में एक दिन रुकी थी। इसके बाद यात्रा नगालैंड गई और दो दिनों में 257 KM और 5 जिलों को कवर किया। न्याय यात्रा के शुरुआती आठ दिनों में राहुल ने असम में 833 KM और 17 जिलों का सफर किया। इसके बाद यात्रा एक-एक दिन के लिए अरुणाचल प्रदेश और मेघालय गई।

पश्चिम बंगाल में राहुल की न्याय यात्रा पांच दिनों तक चली, जिसमें 523 KM और सात जिले शामिल थे। राहुल 25 जनवरी को असम से बंगाल पहुंचे थे। यहां 29 जनवरी को न्याय यात्रा बंगाल से बिहार में दाखिल हुई। बिहार में 425 किमी और 7 जिलों को कवर किया गया। इसके बाद 31 जनवरी का न्याय यात्रा वापस बंगाल पहुंची।

इसके बाद झारखंड में यात्रा आठ दिन में 804 KM और 13 जिलों को कवर किया। ओडिशा में न्याय यात्रा चार दिन में 341 KM और चार जिलों में गई। फिलहाल राहुल छत्तीसगढ़ में हैं। यहां न्याय यात्रा पांच दिन में 536 KM और सात जिलों को कवर करेगी।

कांग्रेस की यह यात्रा उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 दिन का समय बिताने वाली थी। इस दौरान 20 से ज्यादा जिले कवर करके कुल 1074 KM की दूरी तय करने का प्लान था। हालांकि, शेड्यूल में बदलाव के बाद राहुल यूपी में करीब एक हफ्ते ही रुकेंगे। मध्य प्रदेश में यात्रा सात दिनों में 698 KM और 9 जिलों को कवर करेगी।

यह एक दिन में राजस्थान के 2 जिलों जाएगी। राहुल की यह यात्रा गुजरात और महाराष्ट्र में पांच-पांच दिनों तक चलेगी, जो क्रमशः 445 किमी और 479 किमी की दूरी तय करेगी। इसका समापन मुंबई में 20 या 21 मार्च से एक हफ्ते पहले हो सकता है।