प्रियंका को रायबरेली से चुनाव लड़ाने की तैयारी:सोनिया को राजस्थान से राज्यसभा भेजने की संभावना, खड़गे के घर कांग्रेस की बैठक में चर्चा

लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। यहां से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 2004 से चुनाव लड़ती आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बार पार्टी सोनिया को राजस्थान से राज्यसभा भेजने पर विचार कर रही है।

दरअसल, 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर सोमवार शाम अहम मीटिंग हुई। इसमें सोनिया गांधी को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की खाली हो रही राज्यसभा सीट ऑफर करने पर चर्चा हुई।

प्रियंका गांधी ने आज तक कभी चुनाव नहीं लड़ा है। रायबरेली की सीट कांग्रेस की सबसे सुरक्षित सीट मानी जाती है। 1952 के पहले लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस यहां सिर्फ तीन बार हारी है।

सोनिया गांधी का राजनीतिक सफर

  • 1997 में सोनिया ने कांग्रेस की मेंबरशिप ली। इसके 62 दिन बाद वे पार्टी की अध्यक्ष बनीं। तब से 2017 तक वे पार्टी की अध्यक्ष बनी रहीं। कांग्रेस पार्टी में कोई इतने लंबे समय तक अध्यक्ष नहीं रहा है।
  • सोनिया पहली बार 1999 के लोकसभा चुनाव में लड़ीं। उन्होंने बेल्लारी (कर्नाटक) और अमेठी (उत्तरप्रदेश) से चुनाव लड़ा और दोनों जगह चुनाव जीता। इसके बाद उन्होंने बेल्लारी की सीट छोड़ दी।
  • 2004 में उन्होंने अमेठी सीट से अपने बेटे राहुल को चुनाव लड़वाया और खुद रायबरेली सीट पर शिफ्ट हो गईं। जहां से वह आज भी सांसद हैं। ऑफिस ऑफ प्रॉफिट के मुद्दे पर सोनिया ने 2006 में संसदीय सीट से इस्तीफा दिया और उपचुनाव में जीतकर भी आईं।
  • सोनिया की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय सलाहकार समिति के कहने पर ही सरकार ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) और सूचना अधिकार अधिनियम (RTI) कानून लागू करने में अहम भूमिका निभाई।
  • दो अक्टूबर 2007 को महात्मा गांधी के जन्मदिन पर सोनिया गांधी ने संयुक्त राष्ट्र को संबोधित किया। संयुक्त राष्ट्र ने 15 जुलाई 2007 को प्रस्ताव पारित किया और यह दिन अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।
  • 2004, 2007, 2009 में सोनिया गांधी को फोर्ब्स ने दुनिया की सबसे ताकतवर महिलाओं की लिस्ट में शामिल किया। वे दुनिया के 100 सबसे ज्यादा प्रभावशाली लोगों में से एक थीं।
  • 2009 के आम चुनावों में सोनिया के नेतृत्व में कांग्रेस ने 1991 के बाद पहली बार 200 से ज्यादा सीटें जीतीं और सत्ता में वापसी की। इस बार भी मनमोहन सिंह को ही प्रधानमंत्री बनाया गया।
  • 2013 में सोनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर लगातार 15 साल रहने का रिकॉर्ड बनाया। 2014 के लोकसभा चुनावों में पार्टी ने अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन (44 सीटें) किया और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA की सरकार बनी।

भाजपा दक्षिण भारत में कैंडिडेट्स की घोषणा पहले करेगी
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देना शुरू दिया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि विपक्षी दलों के कद्दावर नेताओं के संभावित चुनाव क्षेत्र के लिए नए चेहरे को उतारने की तैयारी है।

इनमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, कनिमोई, अभिषेक बनर्जी, मल्लिकार्जुन खड़गे आदि के खिलाफ संभावित 3-3 प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। सबसे पहले दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रत्याशियों की सूची जारी होगी।

तेलंगाना में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ पार्टी की महिला मोर्चा की प्रवक्ता नादिमपल्ली यमुना पाठक को मैदान में उतारा जा सकता है। पूर्व क्रिकेटर एस. श्रीशंत को त्रिवेंद्रम से शशि थरूर के खिलाफ चुनाव लड़ाया जा सकता है।