अंबाला में CIA ने पकड़ी अफीम की खेती:आरोपी ने घर के आंगन में उगाए 190 पौधे; सोशल मीडिया से उगाने की तकनीक सीखी

हरियाणा में अंबाला की नारायणगढ़ थाना पुलिस ने गांव लाहा में अफीम की खेती पकड़ी है। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना पर आरोपी के घर रेड की। आरोपी ने अपने घर पर ही अफीम के पौधे लगाए हुए थे। गिनती करने पर कुछ 190 पौधे मिले, जिन्हें पुलिस ने उखाड़ दिया। आरोपी ने सोशल मीडिया पर देख अफीम की खेती करनी सीखी थी। वहीं, आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

CIA स्टाफ शहजादपुर की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि गांव लाहा में सर्वजीत सिंह ने अपने घर के आंगन में अफीम के पौधे लगाए हुए हैं। इस सूचना के तुरंत बाद पुलिस ने सर्वजीत सिंह के घर पर रेड की। शाम करीब 7 बजे सूचित करके शहजादपुर/नारायणगढ़ के नायब तहसीलदार संजीव और गांव के सरपंच मोहन सिंह को भी मौके पर बुलाया।

आरोपी पेशे से ड्राइवर, माता-पिता का देहांत हो चुका
ASI जरनैल सिंह ने बताया कि आरोपी सर्वजीत (29 साल) पेशे से ड्राइवर है। आरोपी कहीं से बीज लेकर आया था। आरोपी ने सोशल मीडिया पर अफीम की खेती करने के बारे में जानकारी जुटाई थी। उसके बाद अपने घर के आंगन में खेती शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपी सर्वजीत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के माता-पिता का पहले देहांत हो चुका है। आरोपी का एक छोटा भाई है।

गेट के साथ लगती खाली जगह में पौधे उगाए
यहां, मकान के आंगन में गेट के साथ लगते खाली जगह में अफीम के कच्चे हरे पौधे खड़े मिले। राजपत्रित अधिकारी नायब तहसीलदार संजीव की हिदायत के अनुसार पुलिस ने अफीम के पौधों को उखाड़ा। मामले की जांच कर रहे शहजादपुर CIA स्टाफ से ASI जरनैल सिंह ने बताया कि पौधों की गिनती करने पर 190 पौधे हुए हैं। इन पौधों का वजन किया तो 4 किलो 150 ग्राम हुआ। आरोपी सर्वजीत के खिलाफ नारायणगढ़ पुलिस थाने में धारा 18-61-85 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।