दिल्ली में किसान-मजदूर महापंचायत आज:SKM के बैनर तले जुटेंगे 400 से अधिक संगठन; आंदोलन पर लेंगे बड़ा फैसला

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान-मजदूर मोर्चा के आह्वान पर चल रहे किसान आंदोलन का आज (14 मार्च) 31वां दिन है। सरकार से अपनी मांगें मनवाने के लिए हजारों किसान हरियाणा-पंजाब के शंभू-खनौरी के साथ डबवाली बॉर्डर पर डटे हुए हैं।

इन मोर्चा ने हरियाणा-पंजाब समेत अन्य राज्यों में युवा दिवंगत किसान शुभकरण के गांव से अस्थियों का कलश लाकर कलश यात्रा निकालने का ऐलान किया है। साथ ही आह्वान किया है कि 22 मार्च को हिसार और 31 मार्च को अंबाला की मोहड़ा अनाज मंडी में शहीदी समागम का आयोजन किया जाएगा।

दिल्ली में आज महापंचायत
इसके साथ ही भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के प्रेसिडेंट अमरदीप सिंह मोहड़ी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की गुरुवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘किसान-मजदूर महापंचायत’ होने जा रही है। इसमें देशभर से 400 से अधिक संगठन हिस्सा लेंगे।

दिल्ली पुलिस-प्रशासन ने ‘किसान मजदूर महापंचायत’ आयोजित करने की अनुमति दे दी है। पुलिस ने कहा है कि कड़ी शर्तों के साथ रामलीला मैदान में महापंचायत की इजाजत दी गई है। महापंचायत में मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ाई तेज करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

अब तक 9 की मौत, 4 दौर की वार्ता विफल
किसान आंदोलन में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। किसान MSP की गारंटी का कानून बनाने समेत अन्य कई मांगों पर अड़े हुए हैं। अब तक सरकार के साथ हुई 4 दौर की वार्ता विफल रही। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे धरने पर डटे रहेंगे।

किसान आंदोलन के 30 दिनों का घटनाक्रम…

13 फरवरी को सुबह 10 बजे फायरिंग : पंजाब से किसान 12 फरवरी की शाम को ही शंभू बॉर्डर पर पहुंच गए। 13 फरवरी की सुबह उन्होंने हरियाणा पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। रबड़ की गोलियां चलाईं। शंभू की तरह खनौरी और डबवाली बॉर्डर पर भी हालात नाजुक रहे।

14 फरवरी को खनौरी बॉर्डर पर बिगड़े हालात : शंभू बॉर्डर पर झड़प के बाद प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन पर SLR से सीधी फायरिंग की। इसके बाद खनौरी बॉर्डर पर भी किसानों और पैरामिलिट्री फोर्स के बीच झड़प हुई। यहां किसानों ने जवानों के हेलमेट और लाठियां छीन लीं।

15 फरवरी को पंजाब में टोल फ्री कराए, ट्रेनें रोकीं : आंसू गैस के इस्तेमाल से नाराज पंजाब के दूसरे किसान संगठनों ने आंदोलन का समर्थन किया। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 3 घंटे के लिए पंजाब के सभी टोल प्लाजा फ्री करवाए। भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने 6 जिलों में 4 घंटे ट्रेनें रोकीं।

16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद, हरियाणा में टोल फ्री : किसानों ने ग्रामीण भारत बंद बुलाया। इस दौरान पंजाब-हरियाणा में रोडवेज बसें बंद रहीं। हरियाणा में BKU (चढ़ूनी) ने 3 घंटे सारे टोल फ्री कराए। इस दिन गुरदासपुर के किसान ज्ञान सिंह की शंभू बॉर्डर पर हार्ट अटैक से मौत हो गई।