पंत की कप्तानी पर असमंजस:DC सूत्रों ने कहा- पोंटिंग के आने पर फैसला होगा; कोओनर ने कहा था- ऋषभ फिट हुए तो कप्तान होंगे

टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत फिट हो गए हैं। उनका इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलना भी तय हो गया है। हालांकि, पंत दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे या नहीं, इस पर असमंजस है।

हेड कोच रिकी पोंटिंग के आने के बाद टीम मीटिंग के दौरान पंत की कप्तानी पर फैसला होगा। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। एक अन्य सूत्र ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी पंत की कप्तानी पर क्लियरिटी नहीं है। इस पर फैसला अगले 4-5 दिनों में हो सकता है।

टीम मालिक ने कहा था, पंत ही कप्तानी करेंगे
दिल्ली टीम के कोओनर पार्थ जिंदल ने कहा था कि ऋषभ पंत अगर फिट हुए तो कप्तान होंगे। IPL का अगला सीजन 22 मार्च से शुरू हो रहा है। दिल्ली कैपिटल्स 23 मार्च को मोहाली में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।

2022 में कार दुर्घटना का शिकार हुए थे पंत
पंत साल 2022 के दिसंबर में एक कार दुर्घटना का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हुए थे। तब से वह क्रिकेट से पूरी तरह बाहर हैं। वह 14 महीने के लम्बे रिहैब और रिकवरी प्रोसेस के बाद फिट हुए। BCCI की मेडिकल टीम ने उन्हें एक दिन पहले ही विकेटकीपिंग और बैटिंग करने के लिए फिट घोषित किया।

शाह ने कहा था- विकेटकीपिंग की तो वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा होंगे
BCCI सचिव जय शाह ने पंत की वापसी पर कहा था कि वह प्रैक्टिस में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, अगर IPL में वह विकेटकीपिंग कर सके तो हमारे वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा भी होंगे। देखते हैं कि वह IPL में कैसा प्रदर्शन करते हैं। अगर पंत टी-20 वर्ल्ड कप खेल सकें तो हमारे लिए बहुत बड़ी बात होगी। वह हमारे लिए एक अहम खिलाड़ी हैं।

फ्रेंचाइजी के लिए पंत की कप्तानी अहम क्यों?
दिल्ली के लिए पंत की कप्तानी अहम है, क्योंकि उनके बैटिंग, विकेटकीपिंग और कप्तानी करने से फ्रेंचाइजी को कई फायदे होंगे।