अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस दौरान वहां रामायण सीरियल में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल, सीता बनी दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण बने सुनील लहरी की जोड़ी एक साथ नजर आई थी।
अयोध्या के बाद अब मेरठ में भी कुछ ऐसा ही सीन नजर आएगा। मेरठ से भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल के चुनाव प्रचार के लिए सुनील लहरी और दीपिका चिखलिया भी मेरठ आएंगी। दैनिक भास्कर से बातचीत में दोनों कलाकारों ने कहा कि वे अरुण गोविल के साथ खड़े हैं।
यानी, मेरठ में भी रामायण के राम, सीता और लक्ष्मण की जोड़ी एक साथ नजर आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रविवार को मेरठ में रैली करके 2024 चुनाव प्रचार का आगाज किया। उनकी इस रैली में जयंत, अनुप्रिया और राजभर भी शामिल हुए। मेरठ में 26 अप्रैल को वोटिंग होनी है।
दीपिका बोलीं-जब अरुण गोविल को टिकट मिला तब हम सब साथ थे
रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया कहती हैं कि यह भी गजब संयोग है कि जब अरुण गोविल के नाम का चुनाव लड़ने के लिए ऑफशियल ऐलान हुआ उस वक्त भी हम तीनों कलाकार एक साथ थे। हम एक कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे, तभी भाजपा की लिस्ट आई।
दीपिका कहती हैं कि अरुण गोविल को थोड़ा बहुत अंदाजा था। हालांकि, वह भी ज्यादा कंफर्म नहीं थे। चर्चा चल रही थी कि भाजपा आज कुछ नामों का ऐलान कर सकती है। लेकिन, तभी अचानक लिस्ट आ गई। उसमें देखा तो अरुण गोविल का नाम मेरठ से था।
वह बताती हैं कि जब से कोरोना काल में रामायण सीरियल का दोबारा टेलीकास्ट हुआ है। तब से हम तीनों कलाकार लाइमलाइट में आ गए। तीनों कलाकारों को एक साथ आयोजनों में बुलाया जा रहा है। अयोध्या में भी हम साथ गए थे।
दीपिका ने कहा- मेरठ में भी मंच साझा करेंगे
दीपिका ने मेरठ आकर अरुण गोविल के पक्ष में प्रचार करने की पुष्टि की। हालांकि, डेट और समय का खुलासा नहीं किया। वह कहती हैं कि बहुत खुशी की बात है कि अरुण गोविल को यह जिम्मेदारी मिली है। हम सभी खुश हैं। मैं उनके लिए प्रचार करने मेरठ अवश्य आऊंगी। अयोध्या के अलावा अन्य शहरों में भी हम तीनों ने साथ में मंच साझा किए हैं। मेरठ में भी करेंगे।
सुनील लहरी बोले-अब रील के राम से असली राम बनने का वक्त आया
सुनील लहरी ने कहा कि अरुण गोविल को मिली इस जिम्मेदारी से खुश हूं। जब उनके टिकट की घोषणा हुई हम साथ थे। उसी वक्त मैंने एक वीडियो शूट किया, जिसे मैंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। अरुण गोविल मेरठ के बेटे हैं। अब समय आ गया है जब वो रील के राम से असली राम बनकर मेरठ में काम करें।
लहरी ने कहा कि अरुण गोविल को अपने शहर की सेवा करने का अवसर मिला है। हालांकि, इसमें थोड़ी देरी हुई है। मैं अरुण गोविल के जीवन से बहुत प्रभावित हूं। उनके लिए मेरठ की जनता के बीच मैं 100% आऊंगा। जल्द ही मेरठ के लोगों से मेरी मुलाकात होगी।
नामांकन के बाद की डेट पर विचार
सुनील ने कहा कि अयोध्या की तरह मैं, दीपिका चिखलिया और अरुण जी हम तीनों एक साथ मेरठ में दिखेंगे। वो तारीख क्या होगी, इस पर विचार चल रहा है। नामांकन के बाद संभवत: किसी तारीख पर मुहर लगेगी। हम तीनों एक साथ भी आ सकते हैं और एक दिन मैं एक दिन दीपिका जी आएं, इस पर भी सोचा जा रहा है।
सुनील लहरी ने गोविल के साथ अपना एक वीडियो शेयर किया। इसमें दोनों कलाकार नजर आ रहे हैं। अरुण गोविल खड़े हैं, जबकि सुनील लहरी मोबाइल से उनका वीडियो शूट कर रहे हैं। तीसरा व्यक्ति इन दोनों का वीडियो बना रहा है।
लहरी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ”आप शूट करेंगे तो कोई आपको भी शूट कर रहा होता है। मैं बंदूक की गोली नहीं, कैमरे की शूटिंग की बात कर रहा हूं।
1987 में टेलिकास्ट हुआ था रामायण सीरियल
रामायण सीरियल का दूरदर्शन पर टेलिकास्ट 25 जनवरी 1987 को हुआ था। इसके 78 एपिसोड है। रामानंद सागर ने इसे निर्देशित किया था। देश में कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन लगने के दौरान 28 मार्च 2020 से इसे फिर से दूरदर्शन चैनल पर टेलिकास्ट किया गया। लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जून 2003 तक यह दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला पौराणिक सीरियल के तौर पर दर्ज है।अरुण गोविल, सुनील लहरी और दीपिका ने इसमें राम, सीता और लक्ष्मण का किरदार निभाया था।