मन्नारा ने बताया क्यों नहीं लेती थीं बहनों का नाम:बोलीं- BB हाउस में लोग मुझे नेपो किड कहते, मेरे वजूद पर सवाल उठाते

मन्नारा चोपड़ा ने कहा कि उनका अपनी कजिन सिस्टर्स प्रियंका चोपड़ा और परिणीति से काफी अच्छे रिलेशन्स हैं। मन्नारा ने कहा कि बिग बॉस के घर में वो जानबूझकर प्रियंका और परिणीति का जिक्र नहीं करती थीं।

वो नहीं चाहती थीं कि लोग उन्हें नेपो किड कहें। मन्नारा ने कहा कि वो अपनी बहनों का जिक्र नहीं करती हैं, तब भी लोगों को प्रॉब्लम है। मन्नारा का कहना है कि लोगों को लगता है कि उनका अपनी बहनों से अच्छे संबंध नहीं हैं। मन्नारा के मुताबिक, वो अपनी बहनों का जिक्र करें तभी भी दिक्कत है, अगर न करें तब भी लोग इश्यू बनाते हैं।

बहनों का नाम लेती तो लोग मेरे वजूद पर सवाल उठाते
मन्नारा चोपड़ा ने सिद्धार्थ कानन को दिए इंटरव्यू में बताया कि वो बिग बॉस के घर में प्रियंका और परिणीति का जिक्र क्यों नहीं करती थीं। उन्होंने कहा- मैं जानबूझकर अपनी दोनों बहनों का नाम नहीं लेती थी, वरना बाकी कंटेस्टेंट मुझे नेपो किड कहते।

वे कहते कि मेरा अपना कोई वजूद नहीं है। मैं अपना खुद का एक नाम बनाना चाहती थी। मैं घर के अंदर की लड़ाई खुद लड़ना चाहती थी। मैं भले ही एक विशेष परिवार से आती हूं, लेकिन मैंने खुद को हमेशा अलग तरीके से प्रोजेक्ट किया है।

मन्नारा ने कहा- प्रियंका दीदी को देख कर बड़ी हुई हूं
मन्नारा ने आगे कहा- जब मैं अपनी बहनों का नाम नहीं लेती हूं तब भी लोग एक अलग स्टोरी बनाते हैं। उन्हें लगता है कि मेरी बहनों के साथ मेरे रिलेशन अच्छे नहीं हैं। अब मैं उन्हें क्या बताऊं कि मेरी बहनों के साथ मेरा रिश्ता कितना सॉर्टेड है।

मैं प्रियंका दीदी को देखकर बड़ी हुई हूं। उन्होंने जैसे खुद को साबित किया है, वो एक मिसाल है। जब मेरा इंटरेस्ट फिल्मों में काम करने का हुआ तो प्रियंका दीदी ने मेरी मां से कहा कि अभी इसे पढ़ने दीजिए। मैं उस वक्त ग्यारहवीं में थी।

हाल ही में मन्नारा के 33वें जन्मदिन पर प्रियंका चोपड़ा ने उन्हें जॉइन किया था। प्रियंका अपने पति निक जोनस के साथ इंडिया आई थीं। निक के अलावा उन्होंने अपनी मां मधु चोपड़ा के साथ पार्टी एन्जॉय किया। बता दें, मन्नारा चोपड़ा ने 2014 में आई फिल्म ‘जिद’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था।