कानपुर में PM मोदी का पहला रोड शो:सिखों को रिझाने के लिए चुनी ऐसी एरिया, जहां सिख आबादी सबसे ज्यादा; रोड शो के 6 बड़े कारण

नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद 10 सालों में पहली बार आज वो कानपुर में रोड शो कर रहे हैं। शाम 6 बजे से 7 बजे तक रोड शो चलेगा। कानपुर नगर और अकबरपुर लोकसभा सीट के लिए वे भाजपा उम्मीदवारों को साथ लेकर वोट मांगेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे।

चौथी बार आज कानपुर आएंगे मोदी
लोकसभा चुनाव में चौथी बार PM नरेंद्र मोदी कानपुर आ रहे हैं। इसके पहले मोदी की जनसभाएं होती रही हैं। मोदी 19 अक्टूबर-2013 को बुद्धा पार्क में विजय शंखनाद रैली और 19 अप्रैल 2014 को कोयला नगर में चुनाव रैली की थी। 8 मार्च-2019 को लोकसभा चुनाव रैली निरालानगर मैदान में की थी। इस बार वह रोड शो कर रहे हैं।

मोदी, योगी, भूपेंद्र सहित पांच लोग रथ पर
रोड शो के मुख्य रथ पर PM नरेंद्र मोदी, CM योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, शहर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी रमेश अवस्थी और अकबरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले रहेंगे।

पहले इन 6 कारणों को समझते हैं…

1). यूपी में सबसे अधिक आबादी सिखों की कानपुर में है। जिले में करीब 1.20 लाख सिख मतदाता रहते हैं। इस बार सिखों ने लोकसभा में टिकट के लिए मांग भी उठाई थी, लेकिन उनकी मांग को दरकिनार कर दिया गया। वहीं, प्रदेश में एक भी लोकसभा टिकट सिख समाज से जुड़े व्यक्ति को नहीं दिया गया। कानपुर शहर में एक भी सिख पार्षद नहीं है। टिकट भी पार्टी ने नहीं दिया। इसको लेकर सिख समाज में अंदरखाने नाराजगी है।

2). 25 सितंबर 2023 को भाजपा पार्षद अंकित शुक्ला ने सिख दवा कारोबारी अमोल दीप सिंह भाटिया को इस कदर पीटा था कि उसकी आंख बाहर आ गई थी। इस घटना के बाद से पूरा सिख समाज सड़कों पर आ गया था। वहीं, तमाम बड़े भाजपा नेताओं ने भी दूरियां बना ली थी। इससे सिख समाज पार्टी से काफी नाराज हो गया था। सिख समाज के बड़े नेता ने भी भाजपा से इस्तीफे का ऐलान कर दिया था। प्रधानमंत्री के रोड शो का ये सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है।

3). सिखों की सबसे बड़ी आबादी वाले क्षेत्र गुमटी में प्रधानमंत्री का कानपुर में पहला रोड शो है। जनसभा में सिख के बीच PM न पहुंच पाते, लेकिन इस रोड शो के जरिए PM सीधे उनके पास पहुंच रहे हैं। पहले PM गुमटी गुरुद्वारा में माथा टेकेंगे, इसके बाद रोड शो की शुरुआत करेंगे। इस रोड शो से भाजपा सिखों को रिझाना चाहती है।

4). कानपुर में व्यापारियों का बड़ा तबका है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, बाजार क्षेत्र को इसलिए चुना गया कि PM कानपुर के व्यापारियों का भी अभिवादन कर सकेंगे। वहीं व्यापारियों के बीच PM के पहुंचने से पूरे प्रदेश के व्यापारियों को भाजपा साधेगी। कानपुर में प्रदेश की कई बड़ी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी हैं। रोड शो में व्यापारी, कारोबारी, उद्यमियों के लिए भी अलग ब्लॉक बनाए गए हैं।

5). वर्ष-1984 के दंगे में कानपुर में बड़ी संख्या में सिख मारे गए थे। भाजपा सरकार में SIT गठित कर जांच तेज की गई। 34 साल बाद कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। लेकिन, सिखों की मांग थी कि अब बुजुर्गों को गिरफ्तार करने से क्या फायदा होगा। दंगा पीड़ितों को मुआवजा देकर उनकी आर्थिक रूप से सरकार को मदद करनी चाहिए थी।

6). इस बार भाजपा ने प्रचंड गर्मी को देखते हुए भी प्रचार का ट्रेंड बदला है। इसलिए कोई बड़ी जनसभा अभी तक न करते हुए सीधे PM मोदी का कार्यक्रम रखा है। रोड शो भी शाम को रखा गया है। ये पहली बार है कि PM जनसभा की बजाय रोड शो कर रहे हैं। रोड शो के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा।

अब बात करते हैं कि रोड शो से आखिर प्रभाव क्या पड़ेगा
भाजपा के लिए कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र बेहद अहम है। क्षेत्र का मुख्यालय कानपुर में ही है। यहां से 10 लोकसभा सीटें और 52 विधानसभाओं की चुनावी रणनीति तय होती है। मौजूदा समय में दसों लोकसभा सीटें भाजपा के पास हैं। कानपुर में रोड शो का प्रभाव कानपुर नगर, अकबरपुर, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, झांसी, हमीरपुर, जालौन, बांदा और फतेहपुर सीटों पर इसका असर पड़ेगा।

सिखों के बीच बड़ा मैसेज देने की कोशिश
उत्तर प्रदेश और देश में इस रोड शो के माध्यम से भाजपा सिखों के बीच एक अच्छा मैसेज देना चाहती है। सिखों को साधने के लिए भाजपा इससे अच्छा मौका प्रदेश में नहीं जुटा सकती है। वहीं इस रोड शो को कवर करने के लिए कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 2000 सोशल मीडिया वॉलंटियर लगाए गए हैं। यानी कि वे रोड शो का लाइव प्रसारण करेंगे।

7 विधानसभाओं को करेंगे कवर
कानपुर और अकबरपुर लोकसभा की महाराजपुर विधानसभा, छावनी विधानसभा, किदवई नगर, आर्य नगर, सीसामऊ, गोविंदनगर और कल्याणपुर विधानसभा को नरेंद्र मोदी टच करते हुए गुजरेंगे। इससे कानपुर की सातों विधानसभाओं और दो लोकसभाओं को कवर करेंगे।

भाजपा की तरफ से मामले में पक्ष भी पढ़िए
मामले में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि सिख हमेशा से भाजपा के साथ है। रोड शो सिख आबादी के बीच करने का कोई राजनीतिक कारण नहीं है। क्योंकि रोड शो के सामने गुरुद्वारा है, इसलिए प्रधानमंत्री वहां जाएंगे और मत्था टेकेंगे। आजादी के बाद पहली बार कानपुर में कोई प्रधानमंत्री गुरुद्वारे में माथा टेकेगा। ये सिख समाज के साथ ही कानपुर के लिए भी गौरव की बात है।